पाकिस्तान में आत्मघाती धमाके में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 36, शिया मस्जिद में नमाज के दौरान हुआ था हमला…

पाकिस्तान में आत्मघाती विस्फोट में मृतकों की संख्या शनिवार को 36 हो गई। दाएश के क्षेत्रीय संगठन ने शनिवार को इस हमले की जिम्मेदारी ली है।

शिया मस्जिद में हुए इस हमले के सिलसिले में पुलिस ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक मास्टरमाइंड समेत चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।

इस्लामाबाद की मस्जिद में विस्फोट

पेशावर निवासी आत्मघाती हमलावर यासिर ने शुक्रवार को इस्लामाबाद के खदीजा अल-कुबरा मस्जिद में नमाज के दौरान आत्मघाती विस्फोट किया था।

शुरुआत में 31 लोगों की मौत हुई और 169 घायल हुए, लेकिन गंभीर रूप से घायल लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 36 हो गई है।

दाएश की एक शाखा, ISIS ने एक बयान में इस हमले की जिम्मेदारी ली और कहा कि शिया समुदाय को निशाना बनाकर यह हमला किया गया।

चार लोग गिरफ्तार

खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर और नौशेरा क्षेत्र में छापेमारी के बाद हमले के तीन कथित सहायकों और मुख्य साजिशकर्ता सहित चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।

अधिकारियों ने कहा कि आत्मघाती हमलावर के दो भाइयों और उसके बहनोई उस्मान को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसकी मां को भी शुक्रवार देर रात चलाए गए अभियान के दौरान हिरासत में लिया गया था। उनसे बरामद एक पहचान पत्र ने हमलावर की पहचान यासिर खान के रूप में करने में मदद की।

जांचकर्ताओं ने यह भी बताया कि आत्मघाती विस्फोट से पहले यासिर ने लगभग पांच महीने तक अफगानिस्तान में आतंकी प्रशिक्षण लिया था।

सूत्रों के मुताबिक, हमलावर ने कथित तौर पर चार से छह किलोग्राम विस्फोटक का इस्तेमाल किया था। घटनास्थल से बड़ी संख्या में बाल बियरिंग और गोलियों के खोखे बरामद हुए हैं।

पाकिस्तान में आत्मघाती हमला

सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने कहा कि स्पष्ट हो गया है कि अफगानिस्तान की धरती का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ किया जा रहा है। इस बीच रॉयटर के अनुसार शनिवार को इस्लामाबाद में हजारों लोग आत्मघाती बम हमले में मारे गए लोगों को दफनाने के लिए जुटे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *