अहमदाबाद में एक डेढ़ साल के बच्चे ने खेलते समय सुपरहीरो हल्क वाला खिलौना निगल लिया।
उसे उल्टी होने लगी और बेहद परेशान लग रहा था। मां की नजर उस पर पड़ी।
शक होने पर उसने आसपास खिलौना ढूंढा। उसके न मिलने के बाद उसे डॉक्टर के पास ले गई। डॉक्टरों ने बच्चे के पेट से प्लास्टिक का खिलौना निकाल दिया। घटना 18 जनवरी की है।
बाल शल्य चिकित्सा विभाग के प्रमुख डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि बच्चे को लेकर माता-पिता सिविल अस्पताल आए थे। जांच के बाद पेट में छोटा खिलौना फंसा मिला।
ऊपरी जीआई एंडोस्कोपी के जरिए खिलौना पूरी तरह से निकाल दिया गया। अगर थोड़ी देर हो जाती, तो खिलौना पेट से और आगे खिसककर आंतों में फंस सकता था। उस स्थिति में आंतों में रुकावट और फटने का भी खतरा हो सकता था।
डॉक्टर ने बताया कि बच्चे के पेट में फंसा खिलौना कोई टुकड़ा नहीं बल्कि हाथ, पैर और सिर वाला पूरा खिलौना था। जब एंडोस्कोप से उसे पकड़ने की कोशिश की, तो पेट में हवा होने के कारण खिलौना बार-बार फिसल रहा था।
खिलौने के हाथ या पैर पकड़कर खींचने पर वाल्व में फंसने और उसे स्थायी नुकसान पहुंचने की आशंका थी। काफी मशक्कत के बाद डाक्टरों ने खिलौने का सिर पकड़कर उसे बाहर निकाल लिया। बच्चा स्वस्थ है।