पीएम मोदी से मिले भारत दौरे पर आए शिया इस्माइली मुस्लिमों के 50वें इमाम, राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति से भी की मुलाकात…

 शिया इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम के रूप में पदभार संभालने के बाद प्रिंस रहीम आगा खान पंचम बुधवार से अपनी पहली भारत यात्रा पर हैं।

गुरुवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।

प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे मुलाकात के बाद बताया कि हेल्थकेयर, कृषि, ग्रामीण विकास, युवाओं और महिलाओं के सशक्तीकरण के क्षेत्रों में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क (एकेडीएन) के साथ साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।

पीएम मोदी ने एक पोस्ट में कहा, प्रिंस रहीम आगा खान पंचम से मिलकर खुशी हुई। उनके पिता दिवंगत आगा खान चतुर्थ और विकास कार्यों में उनके अहम योगदान को याद किया।

राष्ट्रपति मुर्मु ने भी मुलाकात के दौरान एकेडीएन के काम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे पता चलता है कि सरकार के साथ मिलकर काम करने वाली गैर-लाभकारी संस्थाएं लोगों के जीवन की गुणवत्ता को कैसे बेहतर बना सकती हैं।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन से मुलाकात के दौरान दोनों ने कट्टरपंथ को खत्म करने की जरूरत को दोहराया। गृह मंत्री शाह ने बताया, ‘हमारे बीच हुई चर्चा सामाजिक विकास, सिंचाई, सहकारी समितियों, प्राकृतिक खेती, जिसमें मोटे अनाज और सौर ऊर्जा भी शामिल हैं।’

गौरतलब है कि एकेडीएन 1978 से भारत में काम कर रहा है। प्रिंस रहीम 15 सितंबर तक भारत में रहेंगे। वह अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद भी जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *