पश्चिम एशिया में लगभग पांच महीनों से जारी भीषण संघर्ष अभी भी थमता हुआ नजर नहीं आ रहा है।
इसी बीच इराक और उसके आस-पास के इलाकों में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अचानक काफी बढ़ गया है।
ताजा घटनाक्रम की बात करें तो उत्तरी इराक में कई जगहों पर ड्रोन से हमले किए गए हैं और आसमान में युद्धक विमान उड़ते देखे गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार ये ड्रोन हमले ईरान के तरफ से किए गए हैं।
उत्तरी इराक में ड्रोन हमले
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कम से कम चार ईरानी ड्रोनों ने उत्तरी इराक के खलिफान और सोरान इलाकों जैसे कि एरबिल के उत्तर-पूर्व को निशाना बनाया। इन हमलों के बाद वहां भीषण आग लग गई, जबकि दो ड्रोन क्रैश होकर गिर गए।
अमेरिकी विमानों की गश्त
इस हमले के बाद, एरबिल के आसमान में 10 से ज्यादा अमेरिकी युद्धक विमान और ड्रोन उड़ते हुए देखे गए। सोमवार रात इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र की राजधानी एरबिल में कई जोरदार धमाके सुने गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शहर में कम से कम सात धमाके हुए, जिनमें से कुछ अमेरिकी कंसल्टेट के पास भी हुए।
अमेरिकी ड्रोन गिराए जाने का दावा
मामले में ईरान के सरकारी मीडिया (IRIB) ने दावा किया है कि इराक के अनबर प्रांत में एक अमेरिकी ड्रोन को मार गिराया गया है। हालांकि, अमेरिकी या इराकी अधिकारियों की तरफ से अभी तक इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
गौरतलब है कि इन घटनाओं के बाद खाड़ी देशों में चिंता बढ़ गई है। अधिकारियों और जानकारों का मानना है कि दोनों देशों के बीच बातचीत में रुकावट आने से क्षेत्रीय शांति और वैश्विक व्यापार के मार्ग खतरे में पड़ सकते हैं, जिस पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।