चेन्नई के निर्माण स्थल पर अस्थायी ढांचा ढहा, झारखंड के प्रवासी मजदूर की दर्दनाक मौत…

चेन्नई में एक निर्माणाधीन स्थल के श्रमिक शिविर में लोहे का अस्थायी ढांचा गिरने से झारखंड के एक प्रवासी श्रमिक की मौत हो गई। इसके साथ ही इस हादसे में 35 लोग घायल हो गए।

रविवार देर रात यह हादसा उस समय हुआ, जब आईपीएल का फाइनल मैच चल रहा था। लगभग सौ से अधिक श्रमिक शांति नगर मेन रोड पर स्थित अस्थायी आवासीय परिसर में मोबाइल फोन और अन्य पोर्टेबल उपकरणों पर मैच देख रहे थे।

अस्थायी ढांचा गिरने से हुई घटना

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बड़ी संख्या में श्रमिक दो मंजिला औद्योगिक शेड की पहली मंजिल पर बने अस्थायी ऊंचे रैंप और प्लेटफार्म पर एकत्र हो गए थे।पुलिस के अुनसार, भीड़ बढ़ने और लोगों के रेलिंग पर झुकने के कारण यह अस्थायी ढांचा भार नहीं सह सका और अचानक ढह गया। इससे श्रमिक लगभग 15 फुट नीचे भूतल पर गिर पड़े।

दुर्घटना के बाद आपातकालीन सेवा कर्मियों, पुलिस और शिविर में मौजूद अन्य श्रमिकों ने राहत अभियान शुरू किया। आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारियों ने झारखंड के मूल निवासी ब्रिंजी मांझी सहित 21 घायल श्रमिकों को गिंडी के सरकारी कलैग्नार शताब्दी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया।

सिर में गंभीर चोट लगने से मांझी को बाद में राजीव गांधी सरकारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान सोमवार तड़के उनकी मृत्यु हो गई। अन्य घायल श्रमिकों को पोरूर स्थित श्रीरामचंद्र मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, कोलकाता निवासी सुखानी नामक एक अन्य श्रमिक की हालत गंभीर बनी हुई है। वह आईसीयू में भर्ती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *