दिल्ली में फिर टूटा तापमान का रिकॉर्ड, रविवार की सुबह रही सबसे गर्म; न्यूनतम पारा 26 डिग्री के पार पहुंचा…

लगातार बढ़ती गर्मी के बीच अब रविवार की सुबह इस सीजन की सबसे गर्म रही है। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के पार चला गया। उधर दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘खराब’ ही बनी हुई है।

रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज किया गया। दिन का तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। दिन में आकाश साफ रहेगा, तेज धूप भी खिली रहेगी।

‘खराब’ श्रेणी में दिल्ली की हवा

रविवार को 10 बजे दिल्ली का एक्यूआई 223 दर्ज किया गया। इसे ‘खराब’ श्रेणी में रखा जाता है। एनसीआर के शहरों में भी हवा मध्यम से खराब श्रेणी में ही चल रही है। पूर्वानुमान है कि हाल फिलहाल इसमें बहुत अधिक बदलाव नहीं होगा।

गर्म हवाओं से बेहाल हुए लोग

उधर, दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को तेज धूप और लू जैसी गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया। हालात ऐसे रहे कि दिन के समय सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा नजर आया।

गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पारा 40 के पार जाते ही गर्मी का असर और तेज महसूस होने लगा है।

मौसम विभाग ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को लू से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है। खासतौर पर दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की हिदायत दी गई है।

गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखे, वहीं बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह मौसम अधिक संवेदनशील बना हुआ है। लू और तेज हवाओं का असर रहा।

शनिवार को आसमान में आंशिक बादल छाए रहने के बावजूद गर्मी का प्रभाव कम नहीं हुआ। दिनभर 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रहीं, जबकि झोंके 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचे। इन गर्म हवाओं ने तापमान के असर को और बढ़ा दिया, जिससे दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *