प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को तमिलनाडु में द्रमुक सरकार पर भ्रष्टाचार को व्यवस्था का हिस्सा बनाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि राज्य के लोग बदलाव की उम्मीद से भाजपा-राजग की ओर देख रहे हैं।
‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत भाजपा की तमिलनाडु इकाई के बूथ-स्तरीय कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत में मोदी ने यह भी कहा कि वह जानते हैं कि तमिलनाडु के लोग सत्तारूढ़ द्रमुक को उसके कुशासन के लिए दंडित करने को तैयार हैं।
‘भ्रष्टाचार और कमीशन द्रमुक सरकार की पहचान’
उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में द्रमुक सरकार ने भ्रष्टाचार को व्यवस्था का अभिन्न अंग बना दिया है। हर विभाग अनियमितताओं में लिप्त है।
कई मंत्री मुकदमों का सामना कर रहे हैं। भ्रष्टाचार, कमीशन और रिश्वतखोरी द्रमुक सरकार की पहचान बन गए हैं।
मोदी ने कहा कि आज तमिलनाडु में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ड्रग्स और अवैध शराब का नेटवर्क मजबूत होता जा रहा है।
यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि द्रमुक सरकार इन गतिविधियों को संरक्षण दे रही है।
‘तेजी से काम कर रही राजग सरकार’
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब द्रमुक के केंद्र सरकार में शामिल होने के बावजूद तमिलनाडु में कोई नई परियोजना नहीं आती थी और चाहे कितनी भी समस्याएं हों, उनका कोई समाधान नहीं किया जाता था।
उन्होंने कहा कि आज का समय है जब राजग सरकार रेलवे, राजमार्गों और हवाई अड्डों के लिए बड़ी परियोजनाएं ला रही है। यह तेजी से काम कर रही है।
मोदी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के कारण ही तमिलनाडु के लोगों के बीच अब एक नया माहौल बना है। उन्होंने कहा कि लोग भाजपा-राजग गठबंधन को बदलाव की उम्मीद से देख रहे हैं।