भारत और अमेरिका की बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को लेकर तीन दिवसीय वार्ता आज से वॉशिंगटन में शुरू होगी। एक अधिकारी ने बताया कि इस वार्ता में भारत की तरफ से एक दर्जन अधिकारी हिस्सा लेंगे।
एक अधिकारी ने बताया कि अमेरिका में टैरिफ का परिदृश्य बदलने के कारण दोनों पक्ष समझौते के ढांचे पर पुनर्विचार कर सकते हैं, जिसकी रूपरेखा सात फरवरी को जारी की गई थी।
कौन कर रहा भारतीय दल का नेतृत्व?
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की ओर से कई देशों पर लगाए गए व्यापक टैरिफ के खिलाफ फैसला सुनाया था। इसके बाद ट्रंप प्रशासन ने 24 फरवरी से सभी देशों पर 150 दिनों के लिए 10 प्रतिशत टैरिफ लगाया था।
भारतीय दल का नेतृत्व मुख्य वार्ताकार दर्पण जैन (वाणिज्य मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव) कर रहे हैं। दल में सीमा शुल्क और विदेश मंत्रालय के अधिकारी भी शामिल हैं।
अमेरिका से कितना हुआ व्यापार?
पिछले वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान अमेरिका को भारत का निर्यात 0.92 प्रतिशत की मामूली वृद्धि के साथ 87.3 अरब डॉलर रहा है। जबकि अमेरिका से आयात 15.95 प्रतिशत बढ़कर 52.9 अरब डॉलर रहा है।