बंगाल में परिसीमन को लेकर सुवेंदु अधिकारी के संकेत, बोले- राज्य सरकार उठाएगी सभी जरूरी कदम…

बंगाल के नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को निकट भविष्य में राज्य में परिसीमन की संभावना की ओर इशारा करते हुए कहा कि राज्य में निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या बढ़ सकती है, जिसके लिए एक नए विधानसभा भवन के निर्माण की आवश्यकता होगी।

विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र में भाजपा विधायक रथींद्र बोस के विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने के बाद सदन को संबोधित करते हुए सुवेंदु ने ये टिप्पणियां कीं।

सुवेंदु ने कहा कि परिसीमन के बाद आने वाले वर्षों में विधानसभा के बुनियादी ढांचे में बड़े बदलावों की आवश्यकता हो सकती है। भविष्य में कई सुधारों की आवश्यकता है।

परिसीमन होने पर विधानसभा सीटों की संख्या में काफी वृद्धि हो सकती है। ऐसे में हमें एक नए विधानसभा भवन का निर्माण करना पड़ सकता है। उन्होंने संकेत दिया कि राज्य सरकार इसके लिए सभी जरूर कदम उठाएगी।

मालूम हो कि केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रव्यापी परिसीमन कवायद को आगे बढ़ाने के प्रयास के संदर्भ में मुख्यमंत्री की टिप्पणियों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बता दें कि राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को 2029 में लागू करने और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से लाया गया संविधान संशोधन विधेयक 17 अप्रैल को निचले सदन में खारिज हो गया था।

ऐसे में सुवेंदु की टिप्पणियों ने इस बात को लेकर अटकलें तेज कर दी हैं कि क्या बंगाल में भी असम में 2023 में किए गए परिसीमन की तरह ही परिसीमन हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *