केरलम से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। एक डेढ़ साल के मासूम बच्चे, अर्शिद, की मौत के बाद जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, तो डॉक्टरों से लेकर पुलिस तक के होश उड़ गए।
इस नन्हे से बच्चे के शरीर पर एक-दो नहीं, बल्कि 51 गहरे जख्म पाए गए। शरीर पर कई जगह सिगरेट या किसी गर्म चीज से दागे जाने के गोल निशान भी थे।
रिपोर्ट से साफ हुआ है कि मासूम को मौत के घाट उतारने से पहले हफ्तों तक रूह कंपा देने वाली यातनाएं दी गईं। पुलिस ने इस मामले में बच्चे की मां अखिला और उसके लिव-इन पार्टनर अश्कर को गिरफ्तार कर लिया है। लिव-इन पार्टनर के जुल्म और मां की खामोशी पुलिस जांच में जो सच सामने आया है, वह किसी का भी कलेजा चीरने के लिए काफी है।
दरअसल, अर्शिद अखिला की पहली शादी से था। पुलिस का मानना है कि अश्कर और अखिला के साथ रहने की राह में यह मासूम एक ‘रोड़ा’ बन गया था। इसी वजह से अश्कर उसे लगातार बेरहमी से पीटता था।
हैरानी और दुख की बात यह है कि एक मां अपनी आंखों के सामने अपने कलेजे के टुकड़े को तड़पता देखती रही, लेकिन उसने न तो अश्कर को रोका और न ही पुलिस को खबर की।
मासूम के दोनों हाथ टूटे हुए थे। कुछ हफ्ते पहले जब उसे अस्पताल ले जाया गया, तो झूठी कहानी गढ़ी गई कि बच्चा सीढ़ियों से गिर गया था।
शरीर पर मिले जलने के निशान, फूटा जनता का गुस्सा मासूम अर्शिद की मौत के बाद अश्कर ने इसे एक हादसा दिखाने की कोशिश की और कहा कि खाना खाने के बाद उल्टी होने से बच्चा बेहोश हो गया। लेकिन, बच्चे के ननिहाल वालों ने जब उसके शरीर पर सिगरेट या किसी गर्म चीज से दागे जाने के गोल निशान देखे, तो उन्हें शक हुआ।
पोस्टमार्टम में सिर की घातक चोट और आंतरिक रक्तस्राव (इंटरनल ब्लीडिंग) को मौत की वजह बताया गया है। इस क्रूरता की खबर फैलते ही इलाके में भारी जन-आक्रोश फैल गया। जब पुलिस आरोपित अश्कर को सीन रीक्रिएशन के लिए ले गई, तो गुस्साई भीड़ ने उस पर हमला करने की कोशिश की।
पुलिस अब अश्कर के पुराने आपराधिक इतिहास और उसकी पहली पत्नी पर हुए जुल्मों की भी जांच कर रही है। कानूनन दोनों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।