खान सर मामले में बढ़ा सस्पेंस: मोबाइल स्विच ऑफ, कोर्ट में आत्मसमर्पण की अटकलों ने पकड़ा जोर…

कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर हुए विवाद के मामले में फैजल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।

प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे बाद भी पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी है। वहीं, सूत्रों के अनुसार खान सर शनिवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर सकते हैं।

मामले में शुक्रवार देर रात पुलिस की पांच गाड़ियां अलग-अलग समय पर खान ग्लोबल स्टडीज पहुंचीं। कोचिंग के बाहर बड़ी संख्या में मौजूद छात्रों को पुलिस ने अनाउंसमेंट कर वहां से हटाया।

देर रात परिसर के आसपास की भीड़ को खाली कराया। हालांकि शनिवार सुबह होते ही कोचिंग के बाहर फिर छात्रों की भीड़ जुटने लगी।

फोन स्‍वीच ऑफ, कहां हैं खान सर?

छात्रों का कहना है कि खान सर का मोबाइल फोन स्विच ऑफ है और उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। इस कारण उनके समर्थकों और छात्रों के बीच लगातार चर्चा का माहौल बना हुआ है।

इधर, कोचिंग से जुड़े लोगों के बीच भी खान सर की मौजूदगी को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। कुछ का कहना है कि वह संस्थान के भीतर हैं, जबकि कुछ लोगों का दावा है कि वह कहीं और चले गए हैं।

खान ग्‍लोबल स्‍टडीज में चल रही क्‍लास 

इस बीच छात्रों के मोबाइल फोन पर संदेश भेजकर सुबह 10 बजे से 11 बजे तक कक्षाएं संचालित होने की जानकारी दी गई।

बताया जाता है क‍ि शनिवार और रविवार को सामान्यतः खान सर स्वयं कक्षाएं नहीं लेते हैं। इन दिनों संस्थान में टेस्ट और अन्य शिक्षकों द्वारा कक्षाएं संचालित की जाती हैं।

दूसरी ओर, ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद के समर्थकों के भी सड़क पर उतरने की तैयारी की सूचना है। ऐसे में किसी भी संभावित तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई जारी है।

वहीं खान सर के संभावित सरेंडर को लेकर भी अटकलों का दौर तेज हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *