ट्रंप के सीजफायर दावे पर हैरान हुए जेलेंस्की, बोले-“यह खबर मेरे लिए नई है”; कुछ ही घंटों बाद रूस ने फिर दागे ड्रोन…

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने रविवार को दावा किया कि रूस और यूक्रेन एनर्जी सीजफायर’ पर सहमत हो गए हैं, यह तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। ट्रंप के इस दावे पर यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने आश्रचर्य जताते हुए कहा कि यह मेरे लिए बिल्कुल नई खबर है।

हालांकि, जेलेंस्की ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि रूस सच में ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने के लिए तैयार है, तो यूक्रेन भी इसका स्वागत करेगा, लेकिन इसके लिए अमेरिका को विस्तृत जानकारी देनी होगी।

जेलेंस्की ने आगे कहा कि अगर ट्रंप ने पुतिन के साथ इस पर बातचीत की है, तो कृपया हमें बताएं कि युद्धविराम कब शुरू होगा हम तैयार हैं और हम इसे स्वीकार करेंगे।

एक्स पर जारी एक अलग पोस्ट में यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि उन्होंने ट्रंप द्वारा घोषित एनर्जी सीजफायर को लेकर कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, नाटो के महासचिव मार्क रुट्टे और फिनलैंड के राष्ट्रपति एलेक्स स्टब से बातचीत की है।

जेलेंस्की ने किया समर्थन

जेलेंस्की ने लिखा, ‘यूक्रेन इस सीजफायर का समर्थन करता है और यह बेहद जरूरी है कि रूस भी इसका पालन करे। फिलहाल, हम अमेरिकी पक्ष से इस संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार कर रहे हैं। यूक्रेन तनाव कम करने, नागरिकों की सुरक्षा करने और युद्ध को समाप्त कर स्थायी शांति स्थापित करने के लिए उठाए जाने वाले हर जरूरी कदम का पूरी तरह समर्थन करता है।’

ट्रंप के दावों के कुछ घंटे बाद रूस ने फिर दागे ड्रोन

ट्रंप द्वारा किए गए एनर्जी सीजफायर के दावे के महज कुछ ही घंटों बाद जेलेंस्की ने खुलासा किया कि रूस ने कीव और खार्किव क्षेत्र में कई बिजली संयंत्रों पर शाहिद ड्रोन से भीषण हमले किए हैं। इस हमले पर कड़ा रुख अपनाते हुए जेलेंस्की ने सीधे अमेरिकी राष्ट्रपति पर निशाना साधा और कहा कि ये हमले ठीक उसी समय हुए, जब ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से सीजफायर लागू होने की बात कही थी।

गौरतलब है कि ट्रंप का यह बयान जेलेंस्की द्वारा एबीसी न्यूज को दिए उस इंटरव्यू के बाद आया था, जिसमें उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति से रूसी राष्ट्रपति पुतिन से बात करने की अपील की थी।

जेलेंस्की ने कहा था कि कृपया पुतिन से कहें कि हमें 60 दिनों का पूर्ण युद्धविराम दें ताकि हम देश में चुनाव आयोजित करा सकें। हालांकि, शांति समझौते की चर्चाओं के बीच रूस द्वारा लगातार किए गए इन हमलों ने ट्रंप के दावों की खारिज कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *