सुप्रीम कोर्ट की बैंकरों को चेतावनी: अधिकार से बाहर जाकर लोन देना बैंक को जोखिम में डालना…

सुप्रीम कोर्ट ने बृहस्पतिवार को कहा कि बैंक अधिकारियों का पद एक भरोसे का पद होता है, क्योंकि वे सार्वजनिक धन से संबंधित कार्य करते हैं।

यदि कोई बैंक अधिकारी अपनी शक्ति से परे लोन स्वीकृत करता है या लोन के अंतिम इस्तेमाल को सुनिश्चित नहीं करता तो यह वित्तीय अनियमितता के समान है और बैंक को वित्तीय जोखिम में डालता है।

जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस मनोज मिश्रा की पीठ ने कहा कि लोन वितरण के अंतिम उपयोग को सुनिश्चित करना कई उद्देश्यों की पूर्ति करता है, जिसमें वसूली सुनिश्चित करना और यह सुनिश्चित करना शामिल है कि लोन का उपयोग स्वीकृत उद्देश्य के अलावा किसी अन्य उद्देश्य के लिए न किया जाए।

पीठ ने यह भी कहा कि बैंक कर्मचारियों को जमाकर्ताओं या ग्राहकों के धन के लेन-देन में सतर्क रहना चाहिए। यदि कोई कर्मचारी अपने कर्तव्यों में लापरवाह होता है तो यह गड़बड़ी मानी जाएगी।

शीर्ष अदालत ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के फरवरी, 2023 के उस आदेश को चुनौती देने वाली अपील पर अपना फैसला सुनाया, जो एक बैंक कर्मचारी से संबंधित मामले से जुड़ा है।

कर्मचारी के खिलाफ कर्ज वितरण में अनियमितताओं के आरोप में 30 सितंबर, 2011 को आरोप पत्र दाखिल किया गया था।

पीठ ने पाया कि कर्मचारी 30 सितंबर, 2011 को सेवानिवृत्त हो गया था, लेकिन अनुशासनात्मक कार्यवाही जारी रही और लोन के अंतिम उपयोग को सुनिश्चित करने में विफल रहने के आरोप को आंशिक रूप से सही पाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *