सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को संकेत दिया कि बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) का प्रस्ताव, जिसमें राज्य बार काउंसिलों की कार्यकारी समिति में महिला वकीलों के लिए 10 प्रतिशत सह-चयन स्थान भरने के लिए सबसे अधिक वोट प्राप्त करने वाली असफल महिला उम्मीदवारों को शामिल करने का सुझाव दिया गया है, ‘उचित’ प्रतीत होता है।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस वी. मोहन की पीठ ने बीसीआइ को सभी हितधारकों से परामर्श करने के बाद एक अंतिम तंत्र विकसित करने का निर्देश दिया।
सर्वोच्च न्यायालय उन मामलों की सुनवाई कर रहा था जो महिला वकीलों के लिए राज्य बार काउंसिलों की कार्यकारी समितियों में 30 प्रतिशत प्रभावी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए इसके पूर्व निर्देशों के कार्यान्वयन से संबंधित थे।
सुनवाई के दौरान सर्वोच्च न्यायालय को बताया गया कि अधिकांश राज्य बार काउंसिलों में चुनाव पहले ही संपन्न हो चुके हैं और परिणाम घोषित किए जा चुके हैं, केवल एक अनसुलझा मुद्दा यह है कि महिला वकीलों के लिए 10 प्रतिशत सह-चयन सीटें कैसे भरी जाएं। सीजेआइ सूर्यकांत ने वकीलों से कहा कि बीसीआइ ने एक ऐसा तंत्र सुझाया है जो एक उचित प्रस्ताव प्रतीत होता है।
बीसीआई ने एक उचित सुझाव दिया है कि जो असफल उम्मीदवार अधिकतम वोट प्राप्त कर चुके हैं, उन्हें सह-चयनित किया जा सकता है।
पीठ ने बीसीआइ का प्रतिनिधित्व कर रही अधिवक्ता राधिका गौतम से कहा कि वे नए निर्वाचित राज्य बार काउंसिल के सदस्यों और अन्य हितधारकों से परामर्श करने के बाद सह-चयन के लिए एक समान, उचित और पारदर्शी मानदंड तैयार करें।
पीठ ने मामले को 15 जुलाई की सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया और बीसीआइ से कहा कि वह 14 जुलाई तक प्रस्ताव प्रस्तुत करें।