उत्तर भारत में सूरज का कहर: दिल्ली-यूपी समेत 10 राज्यों में हीटवेव अलर्ट, हिल स्टेशनों पर भी पारा 40 डिग्री के पार…

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है और मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में लू (हीटवेव) का अलर्ट जारी किया है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान तेजी से बढ़ते हुए 42°C से 44°C के बीच दर्ज किया जा रहा है, जिससे अप्रैल के महीने में ही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी का अहसास हो रहा है।

उत्तर प्रदेश के बांदा जैसे जिलों में पारा 45.4°C तक पहुंच गया है, जबकि पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले 4-5 दिनों तक इसी तरह के शुष्क और गर्म मौसम का अनुमान है।

इन राज्यों में लू का अलर्ट

मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

लू व भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित

गुरुवार को पंजाब के बठिंडा का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां लू व भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के ऊना का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सीजन में अभी तक का यह सबसे अधिक तापमान है।

हरियाणा में गर्मी का प्रकोप जारी

वहीं, हरियाणा में मरुस्थलीय शुष्क हवाओं के कारण गर्मी का प्रकोप जारी है, जिससे फरीदाबाद का तापमान 43.4 सेल्सियस और रोहतक-सिरसा का 43.3 तक पहुंच गया। दिन के साथ रात के तापमान में भी उछाल दर्ज किया गया है। हालांकि, 25 से 30 अप्रैल के बीच तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव की संभावना है।

नर्मदापुरम, खजुराहो और नौगांव में तापमान 40 के पार

मध्य प्रदेश के कई शहरों में गुरुवार को लू जैसे हालात बने। नर्मदापुरम, खजुराहो और नौगांव में अधिकतम तापमान 43 डिग्री से अधिक रहा।

मौसम विभाग (आइएमडी) के अनुसार, प्रदेश के ऊपर एक प्रेरित चक्रवात सक्रिय है, जो बादलों को बनने नहीं दे रहा है। राजस्थान की ओर से लगातार गर्म हवाएं प्रदेश में आ रही हैं, जिससे तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। गर्मी से जनजीवन प्रभावित है और दोपहर में सड़कें खाली दिखाई दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *