राहुल गांधी पर तंज, सुधांशु त्रिवेदी बोले- कांग्रेस की प्राथमिकता राजनीति है, छात्र नहीं…

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस “छात्रों के भविष्य से ज़्यादा राजनीति को प्राथमिकता दे रही है।

पार्टी मुख्यालय में सुधांशु ने आरोप लगाया कि विपक्ष राजनीतिक फायदे के लिए नीट- यूजी को लेकर विवाद खड़ा करने की कोशिश कर रहा है।

देश के विभिन्न क्षेत्रों में राजनीतिक कार्यक्रमों की वजह से छात्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में हो रही दिक्कतों की खबरों का जिक्र करते हुए सुधांशु ने कहा, यह चिंता की बात है कि कांग्रेस के लिए लाखों छात्रों के करियर से अधिक राजनीतिक रैलियों और ड्रामेबाजी की अहमियत है। उनकी दिलचस्पी सिर्फ़ शैक्षणिक मुद्दों को राजनीतिक तमाशा बनाने में है।

सुधांशु ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि राहुल बुनियादी मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय नाटकबाज़ी और ध्यान भटकाने वाली चालें चल रहे हैं।

विपक्ष के रवैये और केंद्र सरकार के रुख की तुलना करते हुए सुधांशु ने एक घटना का उदाहरण दिया जब कोलकाता की यात्रा से लौटने के बाद प्रधानमंत्री ने दिल्ली एयरपोर्ट पर 45 मिनट तक इंतजार किया ताकि उनके सुरक्षा काफ़िले की वजह से नीट केंद्रों की ओर जा रहे छात्रों को ट्रैफिक की वजह से कोई परेशानी न हो।

सुधांशु ने कहा, एक तरफ़ प्रधानमंत्री हैं जो छात्रों की ज़रूरतों का इतना ध्यान रखते हैं, वहीं कांग्रेस परीक्षा देने वाले छात्रों के तनाव की परवाह किए बिना अपनी राजनीतिक छवि को प्राथमिकता देती है।

छात्रों को हुई परेशानी पर कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने अफसोस जताया

प्रेट्र के अनुसार कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष बीके. हरिप्रसाद ने मेडिकल के स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा नीट- यूजी में शामिल होने वाले कुछ छात्रों को ट्रैफिक जाम के कारण समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने में हुई दिक्कतों पर अफसोस जताया। साथ ही, उन्होंने प्रश्न-पत्र लीक होने के मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधा।

सांसद तेजस्वी सूर्या ने रविवार को बेंगलुरु में रैली करने के लिए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस रैली की वजह से ट्रैफिक जाम हुआ और परीक्षा केंद्रों तक जाने वाले छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने आरोप लगाया कि रविवार को पैलेस ग्राउंड्स में कांग्रेस की रैली के कारण ट्रैफिक जाम हो गया, जिससे छात्रों को परेशानी हुई।

हरिप्रसाद ने कहा, मैंने अख़बारों और इलेक्ट्रानिक मीडिया में ऐसी रिपोर्ट देखी हैं कि कुछ छात्रों को परीक्षा में शामिल होने से पहले मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अगर हमारे किसी छात्र को ऐसी समस्याओं का सामना करना पड़ा, तो उसके लिए मुझे अफ़सोस है।” मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए हरिप्रसाद ने कहा कि बेंगलुरु में केवल तीन छात्रों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *