नारायणपुर : जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा…

विजेता जोन स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, रायपुर के निर्देशानुसार शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर में जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 2026-27 का आयोजन किया गया। ैब्म्त्ज् एवं छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के संयुक्त सौजन्य से आयोजित इस प्रदर्शनी का मुख्य विषय सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार रखा गया था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला मिशन समन्वयक श्री दीनबंधु रावटे द्वारा किया गया। प्रदर्शनी में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए 20 से अधिक टीमों एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने विज्ञान आधारित मॉडल और नवाचारी प्रदर्श प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, कृषि पद्धतियों, ग्रामीण विकास एवं आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के विभिन्न विषयों में निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों का मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया गया। बेहतर जीवन के लिए कृत्रिम बुद्धिमता विषय में मुस्कान समरथ ने प्रथम, फाल्गुनी इक्के ने द्वितीय एवं सुवेता कुमेटी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण विषय में हरेन्द्र देहरी प्रथम, राहुल उसेंडी द्वितीय एवं संतलाल पोटाई तृतीय स्थान पर रहे।

इसी प्रकार गणितीय मॉडलिंग और कम्प्यूटेशनल सोच विषय में प्रिंस नेताम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्वास्थ्य, स्वच्छता और सफाई विषय में तनमय नाग प्रथम, बिनिता सोरी द्वितीय एवं अंकुशा नाग तृतीय स्थान पर रहे। स्वदेशी कृषि पद्धतियों में कोविंद चन्द्राकर ने प्रथम एवं डिम्पल कावड़े ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान विषय में खुशी पोयाम तथा आपदा प्रबंधन विषय में लिलेन्द्र दास ने प्रथम एवं विजय लक्ष्मी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में चयनित विजेता प्रतिभागी आगामी 13 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली जोन स्तरीय प्रतियोगिता में नारायणपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के कर्मचारी, विद्यालय के प्राचार्य श्री कमलेश सिंह, कार्यक्रम नोडल श्री महेन्द्र देहारी, सह नोडल श्री एस.पी. राय एवं श्री सोनारूराम गोटा सहित मार्गदर्शक शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला मिशन समन्वयक श्री दीनबंधु रावटे ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की वैज्ञानिक प्रदर्शनियां विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, नवाचार एवं समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *