मैक्सिको में भूकंप के तेज झटके, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग; सुनामी का अलर्ट जारी…

मैक्सिको के दक्षिणी राज्य चियापास के तट के पास 7.4 तीव्रता का जबरदस्त भूकंप आया है, जिससे सुनामी की चेतावनी जारी की गई। भूकंप इतना तेज था कि मैक्सिको के पड़ोसी देशों ग्वाटेमाला और अल साल्वाडोर में इमारतें हिल गईं।

US जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, यह भूकंप मैक्सिको के शहर प्यूर्टो मडेरो के पास आया और इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर (6 मील) की कम गहराई पर था।

सुनामी को लेकर जारी किया गया अलर्ट

US सुनामी वॉर्निंग सिस्टम ने भूकंप के बाद चेतावनी दी कि भूकंप के केंद्र से 300 किलोमीटर (186 मील) के दायरे में आने वाले तटीय इलाकों में खतरनाक सुनामी लहरें उठ सकती हैं।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एक चश्मदीद ने बताया कि ग्वाटेमाला सिटी में भूकंप से इमारतें हिल गईं और कुछ लोग अपने घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए।

ग्वाटेमाला की स्थानीय मीडिया ने फुटेज दिखाए जिसमें सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू होने के बाद कर्मचारी एक सरकारी इमारत से बाहर निकल रहे थे। रॉयटर्स को एक और चश्मदीद ने बताया कि अल साल्वाडोर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।

दक्षिणी मैक्सिको के ओक्साका राज्य के गवर्नर सैलोमन जारा ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि राज्य की राजधानी में भूकंप के झटके मध्यम तीव्रता के थे, लेकिन तुरंत किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *