जिले में यातायात नियत तोड़ने वालों पर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। जो लोग बाइक चलाते समय हेलमेट नहीं पहनते, कार चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करते और बाइक पर तीन या उससे अधिक सवारियां बैठाकर चलते हैं, ऐसे लोगों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
यातायात पुलिस के मुताबिक अप्रेल महीने में चार हजार वाहनों का चालान किया जा चुका है, जिनमें अधिकतर बिना हेलमेट बाइक चलाना, सीट बेल्ट न लगाना और ट्रिपल राइडिंग शामिल हैं। एसपी डॉ. अर्पित जैन के आदेश के बाद पुलिस ने वाहन चेकिंग में ओर तेजी कर दी है।
जिससे वाहनों की चेकिंग को लेकर समूचे जिले में अभियान चल रहा है। इस अभियान के माध्यम से पुलिस ने दर्जनभर चोरी की बाइकों को भी बरामद करने में कामयाबी हासिल की है।
बता दें कि सड़क पर चलते समय लोग यातायात नियमों की अवहेलना करते हैं। अधिकतर लोग बाइक चलाते समय हेलमेट नहीं लगाते और कार चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करते हैं। ऐसे लोगों पर अब पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है।
लोग लाखों रुपये की बाइक तो खरीद लेते हैं, लेकिन अपनी सुरक्षा के लिए एक हजार रुपये का हेलमेट खरीदने से कतराते हैं। लोग पुलिस के डर के कारण हेलमेट का इस्तेमाल करते हैं जबकि हेलमेट लगाने से उनकी स्वयं की सुरक्षा होती है।
वाहन चेकिंग अभियान से लोगों में भय
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान से लोगों में इस बात का डर है कि कहीं उनकी बाइक का चालान न हो जाए। जबकि लोगों को यह नहीं पता कि हेलमेट लगाने से पुलिस को नहीं हमें खुद को ही फायदा है। लेकिन लोगों की बिना हेलमेट बाइक चलाना आदत सी बन गई है। जिसके कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।