कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और संभावित हादसों से बचाव के लिए तय की गई कांवड़ की अधिकतम ऊंचाई के मानकों का पालन कराने के लिए पुलिस सक्रिय हो गई है।
श्रावण मास के पहले दिन पुलिस ने चमगादड़ टापू पहुंचकर कांवड़ बाजार के दुकानदारों को हिदायत दी कि छह फीट से ऊंची कांवड़ न बनाई जाए। नियम का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।
सभी दुकानदारों के लिए शासन की गाइडलाइन
कांवड़ मेले की शुरुआत के साथ ही चमगादड़ टापू स्थित कांवड़ बाजार पूरी तरह सज चुका है। यहां उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों से आने वाले शिवभक्तों के लिए रंग-बिरंगी और आकर्षक कांवड़ें उपलब्ध हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं।
ऐसे में पुलिस और मेला प्रशासन सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने में जुट गया है। शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा एक टीम लेकर चमगादड़ टापू स्थित कांवड़ बाजार पहुंचे। पुलिस टीम ने सभी दुकानदारों को शासन की गाइडलाइन से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि छह फीट से अधिक ऊंची कांवड़ लेकर चलने से भीड़भाड़ वाले मार्गों पर यातायात प्रभावित होता है।
बिजली की लाइनों, पुलों और अन्य स्थानों पर दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी कारण इस बार ऊंचाई की सीमा का सख्ती से पालन कराया जाएगा। इसके अलावा झांकी वाली कांवड़ों की चौड़ाई को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
दुकानदारों से कहा गया है कि झांकी का आकार ऐसा रखा जाए जिससे सड़क पर अन्य श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।