रायपुर : सेवा की कहानी : नए आंगनबाड़ी भवन में लौटी बच्चों की रौनक, पालकों का बढ़ा भरोसा…

कोरिया के पटेलपारा में विभागीय अभिसरण से बना केंद्र; बच्चों और महिलाओं को मिल रही बेहतर सुविधाएं

कोरिया जिले के ग्राम पंचायत कंचनपुर के पटेलपारा में बना नया आंगनबाड़ी भवन बच्चों की सुरक्षा और सुविधाओं के साथ पालकों के भरोसे का भी आधार बना है। पहले केंद्र गांव के एक कच्चे मकान में संचालित होता था।

भवन की स्थिति को लेकर चिंतित कई पालक बच्चों को नियमित नहीं भेजते थे। अब वे सुबह बच्चों को नए केंद्र तक छोड़ने आते हैं और परिसर बच्चों की चहल-पहल से गुलजार रहता है।

पुराने भवन में बारिश के दिनों में केंद्र चलाना कठिन होता था। बच्चों के लिए शौचालय और पोषण सामग्री रखने की समुचित व्यवस्था भी नहीं थी।

इन असुविधाओं का असर बच्चों की गतिविधियों के साथ गर्भवती और शिशुवती महिलाओं के लिए आयोजित स्वास्थ्य एवं पोषण कार्यक्रमों पर भी पड़ता था।

ग्राम पंचायत कंचनपुर के प्रस्ताव पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के अभिसरण से पटेलपारा में नया आंगनबाड़ी भवन बनाया गया। निर्माण के लिए मनरेगा से 11 लाख 69 हजार रुपये और महिला एवं बाल विकास विभाग से 3 लाख 69 हजार रुपये, कुल 15 लाख 38 हजार रुपये उपलब्ध कराए गए। ग्राम पंचायत कंचनपुर ने निर्माण एजेंसी के रूप में कार्य पूरा कराया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती पुष्पा बताती हैं कि नए भवन में स्वच्छ शौचालय और पोषण सामग्री रखने की सुविधा मिलने से केंद्र का संचालन आसान हुआ है। उनके अनुसार, बच्चों को नियमित भेजने के प्रति पालकों का भरोसा बढ़ा है तथा केंद्र में महिलाओं और बच्चों की उपस्थिति भी बढ़ी है। पटेलपारा की यह सेवा की कहानी दिखाती है कि एक सुरक्षित और व्यवस्थित आंगनबाड़ी भवन बच्चों के शुरुआती विकास तथा माताओं तक सेवाएं पहुंचाने में कितना सहायक हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *