आंधी, ओलावृष्टि और बारिश से पहाड़ी राज्यों में तबाही, हिमाचल और उत्तराखंड में भारी नुकसान…

पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में तेज आंधी, मूसलधार वर्षा, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की घटनाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।

कहीं घरों और स्कूलों की छतें उड़ गईं, कहीं पेड़ और बिजली के खंभे धराशायी हो गए, तो कहीं बिजली गिरने से मानव और पशुधन की जान चली गई।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक हालात और चुनौतीपूर्ण बने रहने की चेतावनी दी है।हिमाचल प्रदेश में रविवार रात चली करीब 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार वाली आंधी ने व्यापक नुकसान पहुंचाया। मंडी, कुल्लू, ऊना, हमीरपुर, चंबा, शिमला और कांगड़ा जिलों में मकानों, स्कूलों और पशुशालाओं को क्षति पहुंची।

कुल्लू में एक की मौत

कुल्लू के नग्गर क्षेत्र में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य झुलस गए। शिला नाला क्षेत्र में 40 भेड़-बकरियां मारी गईं। 2009 ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से अनेक क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और 36 सड़कों पर आवागमन बंद करना पड़ा।

मंडी जिले में सबसे अधिक 70 मकान प्रभावित हुए। खेतों में काटकर रखी गेहूं की फसल तथा सेब समेत अन्य फसलों को भारी क्षति हुई है।

उत्तराखंड में लगातार वर्षा और ओलावृष्टि से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। देहरादून, मसूरी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर सहित कई क्षेत्रों में तेज बारिश हुई।

मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के लिए अगले 48 घंटे का आरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज वर्षा, ओलावृष्टि और अंधड़ की आशंका है।

केदारनाथ धाम क्षेत्र में घने कोहरे और खराब ²श्यता के कारण दो हेलीकाप्टरों को अगस्त्यमुनि हेलीपैड पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी। बाद में मौसम साफ होने पर उड़ानें पुन: शुरू की गईं।

जम्मू-कश्मीर में भी तेज हवाओं ने भारी तबाही मचाई। सांबा जिले के पंगधोर गांव में बीएसएनएल का मोबाइल टावर एक घर पर गिर पड़ा, जिससे कमरे क्षतिग्रस्त हो गए। कठुआ में 250 बिजली के खंभे और नौ ट्रांसफार्मर खराब हो गए। गांदरबल में बिजली गिरने से 90 भेड़ें मर गईं।

कई घंटों बिजली आपूर्ति रही बाधित

कई जिलों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही और लगभग 70 सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से 15 मई तक उत्तर भारत के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में वर्षा, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।

प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले क्षेत्रों में न रुकने और मौसम संबंधी चेतावनियों पर सतर्क रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *