कोलंबो से सिडनी जा रही श्रीलंकन एयरलाइंस की एक फ्लाइट को रास्ते से वापस लौटना पड़ा क्योंकि उस पर बिजली गिर गई थी। घटना शुक्रवार की है।
स्थानीय समाचार आउटलेट ‘डेली मिरर-श्रीलंका’ की रिपोर्ट के अनुसार, घटना के तुरंत बाद यात्रियों ने जोरदार धमाके की आवाज सुनी और कुछ देर के लिए विमान के एक इंजन से आग की लपटें निकलती दिखीं। क्रू ने जल्द ही स्थिति को संभाल लिया।
आउटलेट ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें उड़ान के दौरान विमान से चिंगारियां निकलती और फिर एयर पोर्ट पर वापस उतरते हुए दिखाया गया है।
विमान पर गिरी बिजली
बाद में पायलटों ने यात्रियों को बताया कि विमान पर बिजली गिरी थी, जिससे एक इंजन को मामूली नुकसान पहुंचा था।
एहतियात के तौर पर, फ्लाइट ने सिडनी की अपनी यात्रा रद कर दी और कोलंबो लौट आई, जहां वह सुरक्षित रूप से उतरी।
सुरक्षित कोलंबो लौटा विमान
इस बीच एएनआई ने एयरलाइंस के एक सूत्र के हवाले से वापसी की पु्ष्टि की और बताया कि फ्लाइट शुक्रवार को 00:05 बजे 207 यात्रियों और 16 क्रू मेंबर्स के साथ कोलंबो से रवाना हुई थी।
खराब मौसम की स्थिति के दौरान हुई ऑपरेशनल घटना के बाद विमान सुरक्षित रूप से भंडारनायके इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरा।