भारत की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपने साहस, प्रतिभा और परिश्रम से इतिहास रच रही हैं।
अब भारतीय वायुसेना में भी नारी शक्ति ने ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिसने पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
स्क्वाड्रन लीडर सान्या भारतीय वायुसेना की पहली महिला अधिकारी बन गई हैं, जिन्होंने प्रतिष्ठित कैटेगरी-ए क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर यानी कैट-ए क्यूएफआइ की उपलब्धि हासिल की है। यह केवल एक व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि भारतीय नारी सामर्थ्य, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के अदम्य संकल्प का जीवंत प्रमाण है।
कैट-ए क्यूएफआइ अत्यंत कठिन और प्रतिष्ठित
भारतीय वायुसेना ने स्वयं इस ऐतिहासिक उपलब्धि की जानकारी साझा करते हुए कहा कि स्क्वाड्रन लीडर सान्या ने कैट-ए क्यूएफआइ की प्रतिष्ठित योग्यता प्राप्त कर इतिहास रच दिया है।
वायुसेना ने इसे भारतीय सैन्य इतिहास का गर्वपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि उनकी सफलता समर्पण, उत्कृष्टता और निरंतर संघर्ष का प्रतीक है।
कैट-ए क्यूएफआइ की योग्यता भारतीय वायुसेना में अत्यंत कठिन और प्रतिष्ठित मानी जाती है। इसे प्राप्त करने के लिए असाधारण उड़ान कौशल, तकनीकी दक्षता, मानसिक मजबूती और नेतृत्व क्षमता की आवश्यकता होती है।
यह केवल एक रैंक या प्रमाणपत्र नहीं, बल्कि उस विश्वास का प्रतीक है जिसके आधार पर भविष्य के फाइटर पायलट और सैन्य विमान चालक तैयार किए जाते हैं। ऐसे में स्क्वाड्रन लीडर सान्या का इस मुकाम तक पहुंचना करोड़ों भारतीय बेटियों के लिए प्रेरणा बन गया है।