हैदराबाद में तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन ने ली महिला की जान, सांसद के बेटे के खिलाफ केस दर्ज…

 हैदराबाद में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है।

हैदराबाद में एक तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन कार की टक्कर से एक 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई।

आरोप है कि कार राज्यसभा सांसद लिंगामनेनी रमेश के बेटे लिंगामनेनी संजुश (21) चला रहे थे। पुलिस ने उन पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।

घटना 16 अगस्त को माधापुर इलाके में इनऑर्बिट मॉल के पास हुई। पीड़िता भारती मुखी लाइफस्टाइल स्टोर में सेल्सवुमन के रूप में काम करती थीं। दोपहर करीब 3 बजे वह और उनकी सहकर्मी पूजा अशोक अलोने लंच के लिए आईटीसी कोहेनुर इलाके गई थीं। वापस लौटते समय जब भारती सड़क पार कर रही थीं, तब एस्टन मार्टिन कार ने उन्हें टक्कर मार दी।

पुलिस के मुताबिक, कार तेज गति और लापरवाही से चलाई जा रही थी। भारती को सिर में गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा। उन्हें उसी कार में जुबली हिल्स के अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी सहकर्मी ने स्टोर मैनेजर को सूचित किया, जिन्होंने पुलिस को फोन किया।

साइबराबाद पुलिस ने लिंगामनेनी संजुश की पहचान ड्राइवर के रूप में की है। उनके पिता आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण की जनसेना पार्टी से राज्यसभा सांसद और व्यवसायी हैं।

माधापुर एसीपी सी. श्रीधर ने बताया कि आरोपी को नोटिस भेजा गया है। अभी तक गिरफ्तारी नहीं की गई है, क्योंकि अपराध जमानती है और अधिकतम सजा सात साल से कम है। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत दर्ज किया गया है, जो लापरवाही से मृत्यु कारित करने से संबंधित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *