मुंगेली : बैगा ग्राम छिरहट्टा में टीबी-कुष्ठ उन्मूलन के लिए लगा विशेष शिविर…

51 ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच, संदिग्ध टीबी मरीजों का लिया गया नमूना

  दूरस्थ एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार विकासखंड लोरमी के सुदूर बैगा बाहुल्य ग्राम छिरहट्टा में विशेष जनजागरण एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का उद्देश्य टीबी एवं कुष्ठ रोग की शीघ्र पहचान, उपचार तथा ग्रामीणों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना था। शिविर के आयोजन से पूर्व कोटवार के माध्यम से मुनादी कराई गई तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों द्वारा घर-घर जाकर ग्रामीणों को शिविर में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया।

     मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर में कुल 51 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 04 संदिग्ध टीबी मरीजों की पहचान की गई, जिनके बलगम नमूने माइक्रोस्कोपी जांच के लिए एकत्र किए जा रहे हैं।

इसके अलावा 02 मरीज उच्च रक्तचाप, 03 मधुमेह, 04 कमजोरी, 6 खुजली, 04 दाद, 08 सर्दी-खांसी, 05 बुखार, 01 कान संबंधी, 03 आंख संबंधी, 05 हाथ-पैर दर्द तथा 06 अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित पाए गए। जिला क्षय एवं कुष्ठ उन्मूलन अधिकारी डॉ. सुदेश रात्रे ने सभी मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराईं। उन्होंने ग्रामीणों को टीबी और कुष्ठ रोग के लक्षण, बचाव एवं समय पर उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

शिविर में उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी पाम्पलेट भी वितरित किए गए। शिविर के सफल आयोजन में जिला कार्यक्रम समन्वयक श्री अमिताभ तिवारी, डीपीपीएमसी श्री अमित सिंह, पीएमडीटी समन्वयक श्री धीरज रात्रे, आरएचओ श्री राजकमल कोरे तथा मितानिनों का विशेष योगदान रहा। ग्रामीणों ने भी स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे उनके लिए अत्यंत लाभकारी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *