Sonipat Nikay Chunav 2026: 212 बूथों पर BJP का कब्जा, अपने गढ़ में पिछड़ी कांग्रेस; कमल दीवान नहीं बचा सके बूथ भी…

सोनीपत नगर निगम चुनाव के विस्तृत बूथ-वार आंकड़ों ने कांग्रेस की हार की तस्वीर पूरी तरह साफ कर दी है। चुनाव परिणामों के विश्लेषण से पता चलता है कि शहर के कुल 264 बूथों में से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राजीव जैन ने 212 बूथों पर निर्णायक बढ़त बनाई।

इसके विपरीत, विपक्षी दल कांग्रेस मात्र 52 बूथों तक ही सीमित रह गई। खास बात यह रही कि कांग्रेस के दिग्गज अपने ही बूथों को बचाने में नाकाम रहे।

कमल दिवान के ही बूथ पर पिछड़ी कांग्रेस

चुनावी आंकड़ों के सबसे चौंकाने वाले पहलू वे रहे जहां कांग्रेस के बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर थी। कांग्रेस प्रत्याशी कमल दिवान के माडल टाउन स्थित बूथ संख्या 104 पर भी कांग्रेस पिछड़ गई।

यहां महज 35 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें कांग्रेस को केवल 78 वोट मिले, जबकि भाजपा 176 वोट लेकर काफी आगे निकल गई।

सोनीपत विधायक निखिल मदान के मैप्सको सिटी क्लब हाउस स्थित बूथ संख्या 223 पर भी भाजपा ने कब्जा जमाया। यहां कम वोटिंग के बावजूद भाजपा को 330 वोट मिले, जबकि कांग्रेस को केवल 233 वोटों से संतोष करना पड़ा।

सेक्टर-15 में राजीव जैन की बड़ी बढ़त

भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन के अपने क्षेत्र सेक्टर-15 में पार्टी ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। डीएवी मल्टीपर्पज स्कूल के बूथ नंबर 61 पर कम वोटिंग होने के बावजूद मतदाताओं का झुकाव स्पष्ट रूप से भाजपा की ओर दिखा। यहां भाजपा के खाते में 410 वोट गए, जबकि कांग्रेस महज 181 वोट ही हासिल कर सकी।

बूथों के ये आंकड़े बताते हैं कि भाजपा ने न केवल अपने आधार वोट को बचाए रखा, बल्कि कांग्रेस के प्रभाव वाले क्षेत्रों और पाश कालोनियों में भी बड़ी सेंधमारी की। कांग्रेस के लिए सबसे चिंताजनक बात यह रही कि उसके बड़े नेताओं के प्रभाव वाले बूथों पर भी मतदाताओं ने भाजपा के ट्रिपल इंजन विकास माडल को प्राथमिकता दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *