सिवान के सिद्धार्थ शेखर ने बढ़ाया जिले का मान, NDA पास कर भारतीय सेना में बने लेफ्टिनेंट…

प्रखंड क्षेत्र के लहुड़ी कौड़िया गांव के रजनीश नारायण सिंह और राधा देवी के पुत्र सिद्धार्थ शेखर ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), पुणे से पास आउट होकर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है।

सिद्धार्थ शेखर ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) नई दिल्ली के अंतर्गत संचालित NDA पुणे से प्रशिक्षण पूरा किया।

कंप्‍यूटर साइंस में हुए ग्रेजुएट 

दीक्षांत समारोह के दौरान उन्हें कंप्यूटर विज्ञान में विज्ञान स्नातक की डिग्री प्रथम श्रेणी के साथ प्रदान की गई। इस अवसर पर उनके माता-पिता भी समारोह में उपस्थित रहे।

उनके पिता मलमलिया में ट्रैक्टर पार्ट्स की दुकान चलाते हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने के बावजूद सिद्धार्थ ने कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।

बचपन से भारतीय सेना में शामिल होने की थी इच्‍छा 

परिवार के अनुसार सिद्धार्थ बचपन से ही मेधावी और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे हैं। उनकी प्रारंभिक इच्छा ही भारतीय सेना में शामिल होकर देशसेवा करने की थी, जिसे उन्होंने अपने पहले बड़े कदम के रूप में साकार किया है।

उनकी इस सफलता पर परिजनों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है। बड़े पिता नीरज नारायण सिन्हा सहित परिवार के सदस्यों—राजनारायण राजन, रणधीर कुमार, रंजीत राय, काशिद अंसारी, छोटेलाल राय आदि ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सिद्धार्थ की उपलब्धि गांव के युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो यह साबित करती है कि लगन और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *