अमेरिका में लोकप्रिय मिनरल वॉटर ब्रांड Topo Chico की कमी, गर्मियों के बीच सप्लाई घटी…

अमेरिका में मशहूर मिनरल वॉटर ब्रांड Topo Chico Mineral Water के शौकीनों के लिए बुरी खबर है।

कंपनी ने संकेत दिया है कि इस ब्रांड की कांच की बोतलों वाली पानी की सप्लाई कुछ समय के लिए बंद हो सकती है और यह कमी गर्मियों तक जारी रह सकती है।

कंपनी की मालिक The Coca-Cola Company ने बताया कि यह दिक्कत मेक्सिको में पानी के स्रोत और उत्पादन इकाइयों में हो रहे अपग्रेड के कारण आई है। इसी वजह से अमेरिका में इसका प्रमुख उत्पाद फिलहाल ‘अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं’ है।

कंपनी के अनुसार, पिछले दो महीनों से उत्पादन धीमा चल रहा था क्योंकि मेक्सिको के मॉन्टेरी शहर में मौजूद कुओं में समस्या आ गई थी, जहां से यह पानी निकाला जाता है।

कुओं में आई गुणवत्ता से जुड़ी समस्या

कंपनी ने अपने वितरकों को भेजे एक पत्र में बताया कि स्रोत के कुओं में कुछ नई चुनौतियां सामने आई हैं। इनमें पानी की गुणवत्ता से जुड़ी समस्याएं भी शामिल हैं, जो उस क्षेत्र की भू-रचना (जियोलॉजी) से जुड़ी हैं।

इन्हीं कारणों से कंपनी को अस्थायी रूप से ऑर्डर लेना और उत्पादन रोकना पड़ा है। कंपनी ने कहा है कि वह स्रोत की स्थिरता और गुणवत्ता सुधारने के लिए अतिरिक्त निवेश कर रही है, ताकि भविष्य में उत्पादन बढ़ाया जा सके।

कंपनी के प्रवक्ता के मुताबिक यह उत्पाद इस साल के अंत में फिर से बाजार में आएगा। वितरकों को भेजे पत्र में कहा गया है कि इसकी वापसी तीसरी तिमाही (जुलाई–सितंबर) से पहले संभव नहीं है।

अन्य उत्पादों पर असर नहीं

यह समस्या केवल टोपो चीको के पारंपरिक मिनरल वॉटर पर असर डाल रही है। इसके अन्य उत्पाद, जैसे फ्लेवर वाला स्पार्कलिंग वॉटर ‘Topo Chico Sabores’ और कैन में मिलने वाले कॉकटेल, बाजार में उपलब्ध हैं।

गौरतलब है कि कोका-कोला ने 2017 में टोपो चीको को 20 करोड़ डॉलर में खरीदा था। प्रीमियम पानी कंपनी के कारोबार का अहम हिस्सा बन चुका है, खासकर तब जब लोग शक्कर वाली सॉफ्ट ड्रिंक्स से दूरी बना रहे हैं। कंपनी के हालिया तिमाही नतीजों के अनुसार पानी की बिक्री में 4% की बढ़ोतरी हुई है, जिसमें उत्तर अमेरिका में हुई ग्रोथ का बड़ा योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *