‘ट्रेंड से सीखना चाहिए’: “कॉकरोच जनता पार्टी” के जिक्र के साथ Shashi Tharoor ने विपक्षी दलों को दी नसीहत…

सोशल मीडिया पर लोकप्रिय प्लेटफॉर्म कॉकरोच जनता पार्टी का एक्स अकाउंट ब्लॉक किए जाने के बाद देश में एक नई बहस छिड़ गई है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इस कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताया है।

थरूर ने अकाउंट को ब्लॉक किए जाने के फैसले को विनाशकारी और बेहद नासमझी भरा करार देते हुए कहा कि युवाओं को अपनी बात रखने के लिए मंच मिलना ही चाहिए।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बताया कि वह कॉकरोच जनता पार्टी की अचानक और जबरदस्त लोकप्रियता देखकर काफी उत्सुक हैं। इस प्लेटफॉर्म के इंस्टाग्राम पर महज पांच दिनों के भीतर 1.9 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हो चुके हैं।

भारत में कॉकरोच जनता पार्टी के एक्स अकाउंट को बुधवार को कानूनी मांग के बाद ब्लॉक कर दिया गया था, जिसके दो लाख से अधिक फॉलोअर्स थे।

जिसपर शशि थरूर ने एक्स पर लिखा, “मैं #CockroachJantaParty के उभार से बेहद उत्सुक हूं, जिसने महज पांच दिनों में इंस्टाग्राम पर 15 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हासिल कर लिए हैं।”

शशि थरूर ने क्या की मांग?

अकाउंट को दोबारा बहाल करने की मांग करते हुए थरूर ने लिखा कि मैं युवाओं की हताशा को समझता हूं और देख सकता हूं कि वे इसके साथ क्यों जुड़ रहे हैं। यही कारण है कि एक्स पर इस अकाउंट को रोकना विनाशकारी और बेहद नासमझी भरा है।

युवाओं को अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए एक जरिया मिलना चाहिए, इसलिए CJP के अकाउंट को बंद करने के बजाय उसे काम करने दें। उन्होंने आगे जोड़ा कि लोकतंत्र में असहमति, हास्य, व्यंग्य और यहां तक कि हताशा को व्यक्त करने के लिए मंचों की जरूरत होती है।

थरूर की विपक्ष को सलाह

हालांकि, शशि थरूर ने कहा कि वह इस आंदोलन के भविष्य को लेकर अनिश्चित हैं, लेकिन उन्होंने उम्मीद जताई कि इसके पीछे के युवा अपनी इस ऊर्जा को मुख्यधारा की राजनीति में लाएंगे या बदलाव की आवाज बनने के लिए अपने वोट के जरिए इसका इजहार करेंगे।

थरूर ने अपने पोस्ट के अंत में विपक्षी दलों को इस वायरल ट्रेंड को समझने की सलाह दी। उन्होंने लिखा कि यह ऐसा अवसर है जिसे विपक्ष को निश्चित रूप से भुनाना चाहिए। उनका सुझाव था कि विपक्षी पार्टियों को इस ट्रेंड से सीख लेकर युवाओं को अपने पाले में लाने के लिए काम करना चाहिए।

क्या है कॉकरोच जनता पार्टी?

इंटरनेट पर तूफान लाने वाला यह सटायर प्लेटफॉर्म एक हफ्ते पहले ही सामने आया है। यह खुद को युवाओं का, युवाओं द्वारा और युवाओं के लिए एक राजनीतिक मोर्चा बताता है। इसके बायो में लिखा है कि यह आलसी और बेरोजगारों की आवाज है।

इसकी वेबसाइट के फुटनोट में साफ लिखा है कि यह पूरी तरह से एक व्यंग्य है। इसे अभिजीत दिपके नाम के व्यक्ति ने बनाया है, जो खुद को कॉकरोच जनता पार्टी का संस्थापक अध्यक्ष कहते हैं।

CJP ने एक घोषणापत्र भी जारी किया है, जिसमें अन्य बातों के अलावा, मुख्य न्यायाधीशों के लिए रिटायरमेंट के बाद राज्यसभा सीटों पर रोक लगाने, सदन की कुल संख्या बढ़ाए बिना संसद में महिलाओं के लिए 50% आरक्षण देने, और दलबदलुओं पर 20 साल की रोक लगाने की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *