बेंगलुरु में शर्मनाक घटना, कैब का इंतजार कर रही महिला से स्कूटी सवार की अभद्र टिप्पणी…

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के राममूर्ति नगर में कैब का इंतजार कर रही एक महिला से यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि एक स्कूटर सवार व्यक्ति ने उसके पास आकर अभद्र टिप्पणी की और उसका रेट पूछा। महिला द्वारा घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने और पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित महिला ने बताया कि जब वह अपनी कैब की प्रतीक्षा कर रही थी, तभी एक व्यक्ति स्कूटर से उसके पास आया और पूछा, “तुम्हारा क्या रेट है?” महिला के अनुसार, इस सवाल के साथ ही उसने बेहद आपत्तिजनक और डराने वाली बातें भी कीं।

सोशल मीडिया पर अपना दर्द साझा करते हुए महिला ने लिखा कि एक महिला के तौर पर मुझे किसी वस्तु की तरह देखे जाने या पैसों की पेशकश झेलने के बिना सुरक्षित रूप से कैब का इंतजार करने का अधिकार होना चाहिए। उसके शब्द बेहद अपमानजनक थे और उन्होंने मुझे अपनी सुरक्षा के प्रति भयभीत कर दिया।

वीडियो बनाते ही गाली-गलौज कर भागा आरोपी

महिला ने बताया कि जब उसने अपने मोबाइल फोन से घटना को रिकॉर्ड करना शुरू किया, तो आरोपी को समझ आ गया कि उसका वीडियो बनाया जा रहा है। इसके बाद उसने महिला के साथ गाली-गलौज की और तुरंत मौके से फरार हो गया।

पीड़िता ने घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन का नंबर KA03 KQ6190 बताते हुए प्रशासन से आरोपी की पहचान करने और उस पर कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है। महिला ने लिखा कि चुप्पी केवल अपराध करने वालों का हौसला बढ़ाती है। सार्वजनिक स्थान सभी के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक होने चाहिए।

बेंगलुरु पुलिस की कार्रवाई

बेंगलुरु पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस शिकायतकर्ता द्वारा साझा किए गए वीडियो और वाहन के पंजीकरण नंबर की प्रामाणिकता की जांच कर रही है।

इससे पहले जुलाई की शुरुआत में, कर्नाटक के दावणगेरे जिले में पुलिस ने एक 30 वर्षीय गृहिणी को ब्लैकमेल करने और उसका बार-बार यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक स्थानीय जिम मालिक के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की थी।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला नीटुवल्ली स्थित एक जिम में पिछले डेढ़ साल से जा रही थी। महिला का आरोप था कि जिम मालिक-सह-ट्रेनर ने चेंजिंग रूम में बिना सहमति के उसकी गुप्त तस्वीरें और नग्न वीडियो बना लिए थे।

आरोपी पिछले तीन-चार महीनों से इन रिकॉर्डिंग्स के जरिए महिला को सोशल मीडिया पर वीडियो लीक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था और अनुचित मांगें रख रहा था। सामाजिक बदनामी के डर से पीड़िता शुरुआत में चुप रही, लेकिन बाद में उसने पुलिस में मामला दर्ज कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *