तेलंगाना के निजामाबाद शहर में एक व्यक्ति की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। एक अज्ञात हमलावर ने नौ बार चाकू से हमला किया और भाग गया। हमलावर ने जिस शख्स को मारा, उसने छह महीने पहले अपनी यूट्यूबर पत्नी की हत्या की थी।
हमलावर ने राजा राजेंद्र चौराहे पर हरिबाबू (26) नाम के शख्स पर दरांती से कई बार हमला किया। यह हत्या सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हरिबाबू पर 10 सेकंड में नौ बार चाकू से वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्लानिंग के साथ किया गया हमला
पुलिस ने चश्मदीदों के हवाले से बताया कि हरिबाबू हाथगाड़ी पर मक्का बेच रहा था, तभी कार में सवार तीन लोग वहां आए। नारियल काटने वाली दरांती लिए एक युवक कार से बाहर निकला और हरिबाबू पर हमला कर दिया।
हरिबाबू पर नौ बार दरांती से वार करने के बाद हमलावर कार में सवार होकर तेजी से भाग गया। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई।
हरिबाबू ने की थी पत्नी की हत्या
हरिबाबू अपनी पत्नी वैष्णवी (19) हत्या का आरोपी था। हरिबाबू की पत्नी एक यूट्यूबर थी। 17 मार्च, 2026 को उसने जगित्याल जिले के कोरुटला मंडल के माधपुर गांव में अपने घर पर दहेज की मांग पूरी न होने पर अपनी चार महीने की गर्भवती पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी थी।
कोरुटला के एक अस्पताल में काम करने वाले हरिबाबू ने अपनी पत्नी पर कई बार चाकू से वार किया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस भयानक हत्या को अंजाम देने के तुरंत बाद वह घटनास्थल से भाग गया था।
शादी से पहले हरिबाबू और वैष्णवी का रिलेशनशिप रहा था और पिछले साल ही दोनों ने शादी की थी। मृतक महिला अपने पति के साथ ‘वैशु अम्मा’ नाम का यूट्यूब चैनल चलाती थी।
पीड़िता के यूट्यूब चैनल पर 50,000 से अधिक फॉलोअर्स थे और उस पर करीब 200 वीडियो अपलोड थे। हालांकि, वह उसे दहेज के लिए परेशान करता था। पत्नी की हत्या के बाद वह फरार हो गया था, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
हरिबाबू को हाल ही में जमानत मिली थी और वह निजामाबाद जाकर अपनी मां के साथ रह रहा था। वह अपनी आजीविका के लिए मक्का बेचा करता था।