राजस्थान में सनसनीखेज वारदात: मोबाइल विवाद में युवक का थार से अपहरण कर हत्या, इलाके में तनाव का माहौल…

राजस्थान के सवाई माधोपुर से एक बेहद हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है।

यहां एक युवक को मामूली विवाद में मौत के घाट उतार दिया। सवाई माधोपुर जिले के कुंडेरा इलाके के उलियाना गांव में मोबाइल फोन लेने के छोटे से विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया और युवक को मार डाला।

शव घर से करीब 10 किलोमीटर दूर फेंक दिया

युवक की पहचान मनकुश मीणा के रूप में हुई है। पहले गांव के ही सात युवकों ने 18 वर्षीय मनकुश मीणा का थार गाड़ी में अपहरण कर लिया और बाद में उसकी निर्मम हत्या कर दी।

शव घर से करीब 10 किलोमीटर दूर सेलू चौराहे के आगे खाट का नाला में एक पेड़ के पास पड़ा मिला।

मनकुश के परिवार के अधिकांश सदस्य शादी में शामिल होने गए हुए थे

शुक्रवार को मनकुश के परिवार के अधिकांश सदस्य शादी में शामिल होने गए हुए थे। घर पर मनकुश और उसकी छोटी बहन अकेले थे।

शुक्रवार शाम करीब 5 बजे गांव के ही सुरेंद्र, जितेंद्र, अंकित, अमित, भीम सिंह, प्रभुलाल और कमलेश बिना नंबर प्लेट वाली महिंद्रा थार लेकर उनके घर पहुंचे।

मोबाइल फोन लेने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने मनकुश को जबरन थार में डाला और किडनैप कर ले गए। रात में परिवार वाले शादी से लौटे तो पता चला कि मनकुश गायब है। उसके मोबाइल पर बार-बार कॉल किया गया, लेकिन फोन बंद मिला। परिजनों ने तुरंत कुंडेरा थाने में सूचना दी।

शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सेलू चौराहे के पास एक शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान मनकुश मीणा के रूप में की।

युवक के शरीर पर कई चोटों के निशान थे 

मनकुश के ताऊ भरतलाल मीणा ने बताया कि युवक के शरीर पर कई चोटों के निशान थे और उसकी शर्ट तक गायब थी। मनकुश परिवार का इकलौता बेटा था। उसके चार बहनें हैं, जिनमें तीन की शादी हो चुकी है।

सिटी सीओ उदय सिंह मीणा ने बताया कि मनकुश के ताऊ की रिपोर्ट पर सभी सात आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

पुलिस को यह भी संदेह है कि विवाद केवल मोबाइल तक सीमित नहीं था, बल्कि ऑनलाइन फ्रॉड को लेकर भी दोनों पक्षों में पहले से विवाद चल रहा था। इस एंगल से भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *