पालघर में सनसनीखेज वारदात: शादी से इनकार पर सिरफिरे युवक ने मां-बेटी की हत्या की…

महाराष्ट्र के पालघर जिले में बुधवार सुबह शादी का प्रस्ताव ठुकराने से नाराज एक युवक ने मां-बेटी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी और बाद में खुद को भी घायल कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, घटना विरार (पश्चिम) के एक फ्लैट में हुई। मृतकों की पहचान सईदा मिश्रा और उनकी बेटी नैन्सी के रूप में हुई है। आरोपित शिवम गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

बताया जा रहा है कि वह नैन्सी से शादी करना चाहता था, लेकिन उसकी मां इस रिश्ते के खिलाफ थी। पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह आरोपित फ्लैट पर पहुंचा और दोनों से बहस करने लगा।

विवाद बढ़ने पर उसने गुस्से में घर को अंदर से बंद कर लिया और चाकू से मां-बेटी पर कई वार कर दिए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपित ने खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या की कोशिश की।

पड़ोसियों ने चीख-पुकार और कांच टूटने की आवाजें सुनीं, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपित ने दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दरवाजा तोड़ा गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (एक) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *