हूती हमलों के बीच सुरक्षा की चिंता: सऊदी क्राउन प्रिंस महल बदल-बदलकर रह रहे, रिपोर्ट…

सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस को पिछली बार सार्वजनिक रूप से तब देखा गया था जब वे एक राष्ट्रीय डोनेशन ड्राइव के तहत रक्तदान कर रहे थे। यह घटना मंगलवार की है। हूती हमलों के बीच खबरें हैं कि तब से मोहम्मद बिन सलमान को कड़ी सुरक्षा वाले एक महल से दूसरे महल में ले जाया गया है।

41 साल के क्राउन प्रिंस रक्त दान करने के बाद से सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार, उनकी गतिविधियों की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने बताया है कि उन्हें कड़े सुरक्षा घेरे वाले और बंकरों से लैस महलों के बीच ले जाया जा रहा है।

खास टीम कर रही प्रिंस की सुरक्षा

सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच लड़ाई तेज होने और सुरक्षा के खतरे बढ़ने के कारण एक खास सुरक्षा टीम भी उनकी सुरक्षा कर रही है। शनिवार को सऊदी अरब पर पिछले दस सालों का सबसे भयानक हमला हुआ।

राजधानी के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हूथी विद्रोहियों की कम से कम एक मिसाइल गिरी। इस हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और कम से कम 300 लोग घायल हुए, जिनमें से कई गंभीर रूप से घायल हैं।

अब तक का सबसे घातक हमला

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, हमले की जानकारी देने वाले अधिकारियों ने बताया कि ईरान युद्ध से जुड़े संघर्षों में अमेरिका या उसके खाड़ी सहयोगियों पर हुआ यह अब तक का सबसे घातक हमला था। उन्होंने बताया कि मिस्र की एक 28 वर्षीय फ्लाइट अटेंडेंट की मौत ज्यादा खून बहने से हो गई, क्योंकि हमले में उसका हाथ कटकर अलग हो गया था। वह उन कई पीड़ितों में से एक थीं जिन्होंने अपने अंग गंवा दिए।

वीकेंड पर हुए मिसाइल हमले के बाद से किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट बंद है। पिछले पांच दिनों में इस पर चार बार हमला हुआ है। सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री प्रिंस अब्दुलअजीज बिन सलमान ने चेतावनी दी है कि हमलों की गंभीरता को देखते हुए देश का जवाब भी उतना ही कड़ा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *