सऊदी अरब ने देश के कुछ हिस्सों में आई भीषण बाढ़ के बाद स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है।
भारी बारिश के कारण रियाद और अल अहसा प्रांत के आसपास की सड़कें जलमग्न हो गईं। सऊदी अरब के मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई हिस्सों में मौसम की गंभीर स्थिति बनी रहेगी।
रविवार को रियाद, नज्रान, मक्का, पूर्वी प्रांत और अमीरात के अन्य हिस्सों में भारी बाढ़ और मूसलाधार बारिश हुई, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी अस्त-व्यस्त हो गई।
शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें सऊदी राजधानी की सड़कों से भारी बारिश के बाद पानी का तेज बहाव दिखाई दे रहा।
रियाद में भारी बारिश जारी रहेगी, लेकिन धीरे-धीरे इसकी तीव्रता कम हो जाएगी। सऊदी सिविल डिफेंस ने रियाद और पूर्वी प्रांत के निवासियों को सावधानी बरतने और सुरक्षा संबंधी आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
सऊदी अरब में छात्रों के लिए कक्षाएं स्थगित
अब देश भर के स्कूलों और विश्वविद्यालयों में छात्रों के लिए प्रत्यक्ष कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। इनमें अल-बहा यूनिवर्सिटी, किंग सऊद बिन अब्दुलअजीज यूनिवर्सिटी फॉर हेल्थ साइंसेज और किंग खालिद यूनिवर्सिटी जैसी यूनिवर्सिटीज भी शामिल हैं।
पूर्वी प्रांत के शिक्षा विभागों ने मदरसती प्लेटफॉर्म के जरिए रिमोट लर्निंग (दूरस्थ शिक्षा) का तरीका अपना लिया है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने के लिए छात्रों और कर्मचारियों के लिए कक्षाएं दूरस्थ रूप से जारी रहेंगी।
मौसम केंद्र के अनुसार, सऊदी अरब के अधिकांश क्षेत्रों में मंगलवार तक मध्यम से भारी बारिश होने की उम्मीद है। सऊदी अधिकारी पूरी तरह से अलर्ट पर हैं। सऊदी रेड क्रिसेंट अथॉरिटी ने कहा कि उसने रियाद में अपनी तत्परता का स्तर बढ़ा दिया है और अपनी बारिश और बाढ़ प्रतिक्रिया योजना के हिस्से के रूप में पूर्ण अलर्ट घोषित कर दिया है।