बिहार को 20 साल बाद आज नया सीएम मिला। सम्राट चौधरी 10.50 बजे सीएम पद की शपथ ली। वे भाजपा के पहले और राज्य के 24 वें मुख्यमंत्री हैं। उनके अलावा दो डिप्टी सीएम (बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी) ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
बिहार में हो रहे इस बड़े पॉवर ट्रांसफर का गवाह बनने के लिए जेपी नड्डा समेत NDA के तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहे। शपथग्रहण समारोह के लिए लोकभवन में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी।
अब नेताओं के लगातार रिएक्शन सामने आ रहे हैं और राजनीतिक हलचल तेज है। इस लाइव ब्लॉग में बिहार के राजनीतिक घटनाक्रम की पल-पल की अपडेट आपको दे रहे हैं…
Samrat Choudhary Oath Taking Ceremony LIVE: बिहार में 46 वर्ष बाद सत्ता संभालने में सफल हुई भाजपा
भाजपा आखिरकार 46 वर्ष बाद आज सत्ता की बागडोर संभालने की उपलब्धि प्राप्त कर लेगी। 1980 में स्थापना काल के उपरांत 1990 में राजद और 2006 से जदयू को सत्ता में लाने के बावजूद भाजपा को लंबे समय तक बिहार में सहयोगी की भूमिका में ही रहना पड़ा। भाजपा ने इस दौरान संगठनात्मक मजबूती पर खास ध्यान दिया।
बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं का विस्तार, पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों में पैठ बनाने की रणनीति, और केंद्र की नीतियों का प्रभावी प्रचार इन सभी ने पार्टी को धीरे-धीरे मजबूत किया और अंत में सफल हुई।
Samrat Choudhary Oath ceremony Live: सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, अतिरिक्त जवान तैनात
Bihar CM Samrat Choudhary Oath Ceremony Live: बिहार के नए सीएम के शपथग्रहण समारोह के चलते लोक भवन और उसके आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चिड़ियाखाना गेट नंबर दो, राजेंद्र चौक, आइपीएस मेस मोड़, बीपी मंडल गोलंबर से लेकर अणे मार्ग, देश रत्न मार्ग, सर्कुलर रोड, नेहरू पथ पर अतिरिक्त जवानों के साथ पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है।
यातायात पुलिस इन सभी मार्ग पर मौजूद है। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है। थाने की पुलिस के साथ ही अतिरिक्त पुलिसकर्मी और सैप के जवानों के साथ ही पुलिस अधिकारी भी मौजूद हैं। प्रतिबंधित क्षेत्र में सामान्य वाहन प्रवेश न कर सके, इसके लिए लिंक रोड पर भी पुलिस की तैनाती है।
Samrat Choudhary Oath Taking Ceremony LIVE ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, आम लोग नहीं कर सकेंगे इस रास्ते का उपयोग
लोक भवन में आयोजित मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। बुधवार की सुबह सात बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक किसी भी प्रकार के सामान्य वाहन को राजेंद्र चौक की तरफ नहीं आने दिया जाएगा।
इस दौरान मुख्य अतिथि, वीवीआइपी, वीआइपी, मीडिया एवं आमंत्रित व्यक्तियों के वाहन उपरोक्त प्रतिबंधित मार्गों का प्रयोग कर सकेंगे।
Bihar New CM Oath Ceremony Live: कौन हैं बिहार के नए डिप्टी सीएम विजय चौधरी?
विजय चौधरी बिहार की राजनीति के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। वे जनता दल (यूनाइटेड) के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं। लंबे समय से बिहार विधानसभा के सदस्य रहे हैं। सरकार और संगठन दोनों में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
उनका जन्म 8 जनवरी 1957 को समस्तीपुर जिले में हुआ। उनके पिता जगदीश प्रसाद चौधरी भी बड़े राजनीतिक नेता थे।
उन्होंने Patna University से इतिहास में स्नातकोत्तर किया। पढ़ाई के बाद उन्होंने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में नौकरी की, लेकिन पारिवारिक विरासत के कारण राजनीति में आ गए।
पिता के निधन के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा। दलसिंहसराय सीट से चुनाव जीतकर पहचान बनाई। लगातार तीन बार विधायक बनने का रिकॉर्ड बनाया। शुरुआत में वे कांग्रेस पार्टी से जुड़े थे। बाद में 2005 में जेडीयू में शामिल हो गए। यह फैसला उनके करियर का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ।
उन्होंने कई अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली है। वित्त, शिक्षा, कृषि, ग्रामीण विकास जैसे विभाग देखे। वे बिहार विधानसभा के स्पीकर भी रह चुके हैं।
2015 से 2020 तक इस पद पर रहे। वर्तमान में जल संसाधन और संसदीय कार्य मंत्री हैं। उनकी प्रशासनिक छवि साफ-सुथरी मानी जाती है।