एक अमेरिकी महिला में अपने देश में महंगे हेल्थकेयर का कच्चा चिट्ठा खोल दिया है।
इंस्टाग्राम पर जारी एक वीडियो में लिज नाम की महिला ने दावा किया कि भारत की तुलना में अमेरिका में तो लोगों को लूटा जा रहा है।
उन्होंने अपनी आंटी की मेडिकल कंडीशन के बारे में बताया और इस बात पर जोर दिया कि जो दवा अमेरिका में 900 डॉलर (₹85 हजार रुपये) की मिलती है, वही दवा भारत में सिर्फ 30 सेंट (35 रुपये) में उपलब्ध है।
इंटरनेट मीडिया के अनुसार, सस्ती दवाओं के लिए भारत की पहचान का जिक्र करते हुए लिज ने अमेरिका में ब्रांडेड रेवलिमिड की बहुत ज्यादा कीमत और यहां उपलब्ध सस्ते जेनेरिक विकल्प की कीमत के बीच अंतर बताया।
उन्होंने कहा कि भारत में दुनिया की कुछ सबसे सस्ती दवाएं मिलती हैं। मेरी आंटी को एक तरह का ब्लड कैंसर है और वह रेवलिमिड नाम की दवा लेती हैं।
भारत और अमेरिका में इस दवा की कीमतों में जमीन-आसमान का अंतर है। भारत अपने लोगों को सस्ती स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराता है, जबकि अमेरिका में ऐसा नहीं है।
अमेरिका में हमसे बहुत ज्यादा पैसे वसूले जा रहे हैं। दोनों देशों में हेल्थकेयर के खर्च की यह तुलना इंटरनेट मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। आखिरी अपडेट तक वीडियो को 7.72 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका था और सैकड़ों कमेंट मिले थे। इंटरनेट मीडिया यूजर भारत में सस्ती दवाओं की तारीफ कर रहे थे।