यूक्रेन के ड्रोन हमलों से रूस का तेल उत्पादन प्रभावित हुआ है।
इससे ईरान युद्ध के दौरान बड़ी मात्रा में तेल निर्यात कर मोटा मुनाफा कमाने की रूस की योजना को झटका लगा है।
29 मई को यूक्रेन के हमले से वोल्गोग्रेड की आयल रिफायनरी में जो नुकसान हुआ है उससे वहां तेल शोधन का कार्य रुक गया है।
वोल्गोग्रेड में यूक्रेनी हमले से एक व्यक्ति की मौत हुई थी और दो लोग घायल हुए थे। हमले से रिफायनरी में भीषण आग लग गई थी जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया जा सका था। लेकिन उससे हुआ नुकसान महीनों में दूर किया जा सकेगा।
2024 में इस रिफायनरी ने एक करोड़ 35 लाख मीट्रिक टन कच्चे तेल का शोधन किया था। यह रूस में होने वाले कच्चे तेल के कुल शोधन का पांच प्रतिशत है।
अमेरिका पर्याप्त मिसाइल निर्माण में सक्षम नहीं
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिका पर्याप्त संख्या में एंटी बैलेस्टिक मिसाइलों का उत्पादन करने में सक्षम नहीं है। अमेरिका इस समय एक महीने में 60 से 65 मिसाइलों का ही उत्पादन कर रहा है। इसके चलते विश्व के कई इलाकों में समस्या पैदा हो गई है।
जबकि रूस ने अपना बैलेस्टिक मिसाइल उत्पादन बढ़ा रखा है। एक्स पर पोस्ट अपने बयान में जेलेंस्की ने बताया है कि उन्होंने मिसाइल उत्पादन बढ़ाने के लिए व्हाइट हाउस और अमेरिकी कांग्रेस के लिए पत्र लिखे हैं।