रूसी हमले से यूक्रेन की ऐतिहासिक धरोहर को बड़ा नुकसान, जेलेंस्की बोले- एक हजार वर्ष पुराना ईसाई मठ हुआ तबाह…

रूस के बड़े हवाई हमले में सोमवार को यूक्रेन की राजधानी कीव में स्थित एक हजार वर्ष पुराना यूनेस्को के विश्वदाय भवनों की सूची में शामिल मठ बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस मठ का यूक्रेन की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत में बड़ा महत्व है।

रूस के ताजा हमलों में सबसे ज्यादा पांच लोग यूक्रेन के दूसरे बड़े शहर खार्कीव में मारे गए और पांच घायल हुए जबकि कीव में चार लोग मारे गए और 34 घायल हुए हैं। एक व्यक्ति अन्य स्थान पर मारा गया है।

जेलेंस्की ने क्षतिग्रस्त मठ का दौरा करने के बाद एक्स पर पोस्ट अपने बयान में कहा, 11 वीं सदी में निर्मित मठ और चर्च पेचेर्स्क लावरा पर हमला कर रूस ने यूक्रेन के इतिहास पर चोट की है। यह ईसाई संस्कृति के खिलाफ रूस सबसे बड़ा अपराध है।

रूस ने हमले से किया इनकार

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने देश को आश्वस्त किया कि हमले से हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी। जबकि रूस ने मठ पर हमले से इनकार किया है।

कहा है कि ऐतिहासिक-धार्मिक भवन पर गिरी मिसाइल अमेरिका की पैट्रियट डिफेंस मिसाइल थी जो अनियंत्रित होकर मठ पर जा गिरी। इस मिसाइल को यूक्रेन के सेना ने दागा था। जबकि फ्रांस ने इस हमले की तुलना पेरिस के नोट्रे डाम कैथेड्रल पर द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान बमबारी से की है।

उल्लेखनीय है कि रूस ने यूक्रेन पर ताजा हमले में 70 मिसाइलों और 611 ड्रोन का इस्तेमाल किया था। रविवार को यूक्रेन ने भी रूस के तुला शहर के औद्योगिक क्षेत्र पर ड्रोन हमला किया। इस हमले में एक वर्ष के एक बच्चे समेत तीन लोग मारे गए और कई घायल हुए हैं।

यूक्रेन पर यह हमला रविवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप से टेलीफोन पर वार्ता के बाद हुआ। इस वार्ता में जेलेंस्की ने चार वर्ष से जारी यूक्रेन युद्ध के खत्म होने की इच्छा जताई थी।

इस वार्ता के बाद रविवार को ही रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी ट्रंप से बात की थी। रूस ने कहा है कि वह यूक्रेन युद्ध को खत्म कराने के लिए अमेरिका की मध्यस्थता को स्वीकार करेगा लेकिन पुतिन की जेलेंस्की से मुलाकात पर रूस ने कुछ नहीं कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *