सड़कों पर नदी जैसा मंजर, पानी में डूबीं कारें… चीन में भीषण बाढ़ से भारी तबाही…

जहां एक ओर भारत में भीषण गर्मी और लू चल रही है वहीं पड़ोसी देश चीन भयंकर बारिश से बेहाल है।

दक्षिण चीन के किनझोउ शहर में रविवार रात से सोमवार सुबह तक हुई भारी बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दी हैं। महज 8 घंटे में करीब 273 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो स्थानीय रिकॉर्ड तोड़ने वाली रही।

चीनी मौसम विभाग के अनुसार, किननान जिले के जिउलोंग कस्बे में सबसे अधिक 362.2 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि एक घंटे में 143.3 मिलीमीटर की अधिक बारिश दर्ज की गई। सोशल मीडिया पर जारी कई वीडियो फुटेज में सड़कें नदियों में बदल गईं, पार्किंग में खड़ी कारें पानी में डूबी हुईं और शहरी इलाकों में बचाव नावें लोगों को निकालती दिख रही हैं।

चीन में मौसम का हाहाकार

चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी की है। सोमवार सुबह 8 बजे से मंगलवार सुबह 8 बजे तक शानक्सी, हेबेई, लियाओनिंग और शैंडोंग प्रांतों, इनर मंगोलिया स्वायत्त क्षेत्र तथा बीजिंग और तियानजिन नगर पालिकाओं समेत कई इलाकों में तेज हवाएं चलने वाली हैं।

हवा की औसत गति 10 से 20 मीटर प्रति सेकंड रहने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर हवा के झोंके 28 मीटर प्रति सेकंड तक पहुंच सकते हैं। इन तेज हवाओं से पेड़ उखड़ने और इमारतों को नुकसान पहुंचने का खतरा है।

30 लोगों को किया रेस्क्यू 

किनझोउ अग्निशमन और बचाव दल को सुबह 6 बजे से ही आपातकालीन कॉल आने लगे। बचाव कार्य में तेजी दिखाते हुए दल ने 23 जलभराव संबंधी कॉलों पर 25 फायर ट्रक और 150 कर्मियों को तैनात किया। सोमवार सुबह 11 बजे तक 30 फंसे हुए निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

किनझोउ आपातकालीन प्रबंधन ब्यूरो ने बताया कि दोपहर तक शहरी इलाकों में बारिश रुक गई और धूप निकल आई, जिससे बाढ़ का पानी धीरे-धीरे कम होने लगा। शाम 4 बजे तक किनझोउ में चार मौसम चेतावनियां प्रभावी रहीं, हालांकि रेड अलर्ट हटा लिया गया। पूरे गुआंग्शी में केवल फांगचेंगगांग में अभी भी रेड अलर्ट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *