छठ पूजा पर घर लौटने वालों के लिए राहत की खबर, 4 दिन में 1205 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी…

छठ पूजा के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ हो सकती है।

इसे संभालने के लिए भारतीय रेलवे ने अगले चार दिनों में 1,205 स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि नियमित ट्रेनों के अलावा 10,700 आरक्षित और 3,000 अनारक्षित ट्रेनें उत्सव की भीड़ को मैनेज के लिए तैनात की गई हैं।

बीते 2 साल के डेटा के आधार पर मॉडल तैयार किया गया है, जो प्रत्येक गंतव्य के लिए ट्रेनों की मांग को सामने रखता है। दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों से गुरुवार को 30 स्पेशल ट्रेनें रवाना हुईं। शुक्रवार को 17 विशेष ट्रेनें चलाने की योजना है।

रेलवे ने स्टेशनों पर सही तरीके से एंट्री के लिए होल्डिंग और वेटिंग क्षेत्र बनाए हैं। अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली में रेलवे बोर्ड के वार रूम का दौरा किया और उत्सव के दौरान यात्री आवागमन की समीक्षा की।

उन्होंने बताया कि डिवीजन, जोन और रेलवे बोर्ड स्तर पर वार रूम स्थापित किए गए हैं, जो सभी स्थानों से लाइव फीड हासिल करते हैं।

प्रमुख स्टेशनों पर मिनी कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं, जो वास्तविक समय में देशभर के स्टेशनों की स्थिति और अतिरिक्त ट्रेनों की आवश्यकता पर ध्यान देते हैं।

यात्रियों के लिए और क्या सुविधाएं

नई दिल्ली स्टेशन पर स्थायी होल्डिंग क्षेत्र यात्रियों के लिए सुविधाजनक साबित हो रहा है, जिसमें 7000 से अधिक लोगों की क्षमता है।

150 पुरुषों और 150 महिलाओं के लिए शौचालय, ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें, टिकट काउंटर और मुफ्त आरओ पानी की व्यवस्था है।

1 अक्टूबर से 30 नवंबर 2025 तक पूरे भारत में 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं, जिनमें से 2,220 ट्रेनें बिहार के लिए हैं।

बिहार की यात्रा करने वाले यात्रियों ने रेलवे की व्यवस्थाओं की सराहना की है।

नई दिल्ली से सोनपुर जाने वाली शांभवी भारद्वाज ने स्टेशन और ट्रेन में स्वच्छता और सुविधाओं की तारीफ की। आनंद विहार-भागलपुर विक्रमशिला एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले यात्रियों ने भी रेलवे की व्यवस्थाओं को खूब सराहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *