भारतीय यात्रियों के लिए राहत: जर्मनी में अब ट्रांजिट वीजा अनिवार्य नहीं…

जर्मनी के हवाईअड्डे पर भारतीयों को अब ट्रांजिट वीजा की आवश्यकता नहीं होगी। जर्मनी ने भारतीय यात्रियों के लिए एयरपोर्ट ट्रांजिट वीजा की आवश्यकता को समाप्त कर दिया है।

जर्मनी के दूतावास ने मंगलवार को यह घोषणा करते हुए कहा कि यह निर्णय तीन जून बुधवार से प्रभावी होगा। हर साल, छात्रों, पेशेवरों और पर्यटकों सहित बड़ी संख्या में भारतीय जर्मन हवाईअड्डों के रास्ते अन्य देशों में जाते हैं।

जर्मन दूतावास ने कहा, जर्मनी के हवाईअड्डे पर ठहराव के साथ किसी अन्य देश की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों को अब ट्रांजिट वीजा की आवश्यकता नहीं होगी।

जर्मनी ने इस बाबत मंगलवार को राजपत्र आदेश जारी किया। यह निर्णय जर्मन-भारतीय संबंधों की मजबूती, लोगों की आवाजाही को सुगम बनाने और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए जर्मनी की सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।

जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मेर्ज की इसी साल जनवरी में हुई भारत यात्रा के दौरान इसे लेकर वार्ता हुई थी। यह फैसला उसी का परिणाम है।

ट्रांजिट वीजा विशेष और अस्थायी परमिट होता है, जो किसी यात्री को अपने अंतिम गंतव्य तक पहुंचने के रास्ते में किसी तीसरे देश से होकर गुजरने या वहां कुछ घंटे/दिन रुकने की अनुमति देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *