अमेरिका के सिएटल से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां ‘बाइट ऑफ सिएटल फेस्टिवल’ के दौरान अज्ञात बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस गोलीबारी में कई लोगों को मारे जाने की खबर है।
सिएटल टाइम्स के अनुसार, रविवार शाम को सिएटल सेंटर में हुई सामूहिक गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।
यह घटना स्थानीय समयानुसार रविवार शाम 6 बजे सिएटल सेंटर आर्मरी बिल्डिंग के ठीक बाहर हुई। जहां वार्षिक बाइट ऑफ सिएटल फूड फेस्टिवल के लिए हजारों लोग एकत्रित हुए थे।
गोलीबारी के बाद मौके पर भगदड़ जैसा माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं ने बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सिएटल पुलिस ने प्रभावित इलाके को घेर लिया है और आम जनता से वहां न जाने की अपील की है। पुलिस गोलीबारी की जांच शुरू कर दी है।
क्या बोले चश्मदीद?
एक चश्मदीद ने स्थानीय मीडिया को बताया, “मैंने धमाके की आवाजें सुनीं और फिर लोग चीखने लगे।”
बाइट ऑफ सिएटल फेस्टिवल के दौरान आर्मरी के बाहर बैठी 22 वर्षीय कायला कैरिस ने कहा कि गोलीबारी के बाद दहशत तेजी से फैल गई। उन्होंने कहा कि गोलीबारी के बाद लोग अचानक चीखने-चिल्लाने लगे और सिएटल सेंटर आर्मरी बिल्डिंग के अंदर भागने लगे। इस दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और हर कोई अपना सामान छोड़कर भाग रहा था।