रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि जब दुनिया अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है, तब भारत के युवाओं को मजबूत रहना चाहिए और हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए।
एनसीसी कैडेटों के एक समूह को संबोधित करते हुए उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की मुंहतोड़ जवाबी कार्रवाई का जिक्र किया और उनसे आपरेशन सिंदूर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वालों से प्रेरणा लेने का आग्रह किया।
सिंह ने एनसीसी कैडेटों को देश की दूसरी रक्षा पंक्ति बताया। सिंह ने कहा, ”भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और गुलाम जम्मू कश्मीर में स्थित आतंकवादियों को नष्ट कर दिया, जो पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब था।”
उन्होंने कहा, ”हमारे सैनिकों ने साहस और संयम के साथ काम किया। हमने केवल उन्हीं को निशाना बनाया और नष्ट किया जिन्होंने हमें नुकसान पहुंचाया, किसी और को नहीं।”रक्षा मंत्री ने युवाओं को महाभारत के अभिमन्यु के समान बताया, जो किसी भी प्रकार के चक्रव्यूह में प्रवेश करके विजयी होने का ज्ञान रखते थे।
सिंह ने उनसे 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को साकार करने में योगदान देने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा, “हम अब ऐसे दौर में प्रवेश कर चुके हैं, जहां युवाओं से अपेक्षाएं बढ़ गई हैं। वे राष्ट्र की अमूल्य संपत्ति हैं और देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का दायित्व उन्हीं पर है।”