राजनाथ सिंह ने अमेरिका को दी चेतावनी: कहा- पाकिस्तान को संवेदनशील तकनीक दी तो तीसरे देश में जा सकती है…

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फिलीपींस के सेबू में 13वें आसियान डिफेंस मिनिस्टर्स मीटिंग-प्लस (एडीएमएम-प्लस) के दौरान अमेरिकी वॉर सेक्रेटरी पीट हेगसेथ से मुलाकात की।

इस मुलाकात में उन्होंने अमेरिका द्वारा पाकिस्तान को एफ-16 फाइटर जेट से जुड़ा सस्टेनेंस पैकेज और उन्नत सैन्य तकनीक दिए जाने पर भारत की गंभीर चिंता व्यक्त की।

सूत्रों के अनुसार, राजनाथ सिंह ने हेगसेथ से साफ कहा कि भारत अमेरिका द्वारा पाकिस्तान को एफ-16 कार्यक्रम से संबंधित उन्नत फाइटर जेट सपोर्ट पैकेज दिए जाने का कड़ा विरोध करता है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पाकिस्तान को दी जा रही संवेदनशील तकनीक तीसरे देश (संभवतः चीन या ईरान की ओर इशारा) में पहुंच सकती है।

अमेरिका ने पाकिस्तान को 64.9 करोड़ डॉलर का F-16 सपोर्ट और अपग्रेड पैकेज देने का फैसला किया है। इसमें एवियोनिक्स अपग्रेड, क्रिप्टोग्राफिक मॉड्यूल, मिशन प्लानिंग टूल्स, स्पेयर पार्ट्स, सिम्युलेटर, ट्रेनिंग और लॉजिस्टिक्स सपोर्ट शामिल है।

आतंकवाद पर दोहरे मापदंड की चेतावनी

राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद को संरक्षण दिए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने अमेरिकी समकक्ष से कहा कि अमेरिका को आतंकवाद के मुद्दे पर दोहरे मापदंड से बचना चाहिए।

उन्होंने जोर दिया कि वैश्विक समुदाय को उन देशों के प्रति जीरो टॉलरेंस का रवैया रखना चाहिए जो आतंकवादी संगठनों को समर्थन, प्रशिक्षण या फंडिंग देते हैं।

दोनों नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ संयुक्त संघर्ष की पुष्टि की। हेगसेथ ने भारत के सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष में अमेरिका का पूरा समर्थन दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *