राजस्थान के टोंक जिले में पुलिस ने दो किलो 49 ग्राम हेरोइन पकड़ी है।
पुलिस ने पकड़ी गई हेरोइन की बाजार में कीमत चार करोड़ से अधिक की बताई है। पुलिस ने दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस उप अधीक्षक रामअवतार ने बताया कि मंगलवार रात पिपलु थाना पुलिस ने नियमित नाकाबंदी कर रखी थी।
इसी दौरान पुलिसकर्मियों को एक बोलेरो गाड़ी में सवार दो संदिग्ध लोग नजर आए।
पुलिस ने बोलेरो को रोक कर जांच की तो हेरोइन बरामद की गई । पकड़े गए दोनों तस्कर हनुमान एवं अमन कुमार पिपलु क्षेत्र के ही निवासी हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस यह जांच कर रही है कि दोनों तस्कर हेरोइन कहां से लेकर आए थे और किस व्यक्ति को कहां देनी थी।
कहीं यह किसी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा हुआ मामला तो नहीं है। पुलिस को पकड़े गए दोनों तस्करों से पूछताछ में बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है।