रायपुर : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना को जिले में ऐतिहासिक सफलता…

9078 आवेदन प्राप्त, 2033 घरों में सौर प्रणाली स्थापित, 1443 हितग्राहियों को सब्सिडी भुगतान

राज्य के सभी जेलों में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

इसी तारतम्य में राजनांदगांव जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से यह योजना ग्रामीण स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचकर स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण बन रही है। 

जिला कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशन एवं सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह के मार्गदर्शन में अक्टूबर 2025 से योजना को तीव्र गति मिली।

सतत मॉनिटरिंग, नियमित समीक्षा और जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यों के कारण यह अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है।

उपलब्धियां एक नजर में

            जिले में अब तक कुल 9078 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 4405 लाभार्थियों ने वेंडर का चयन कर लिया है, जबकि 2033 घरों में सौर प्रणाली की स्थापना पूर्ण हो चुकी है।

साथ ही 1443 हितग्राहियों को सब्सिडी का भुगतान किया जा चुका है। योजना के अंतर्गत प्रतिदिन औसतन 25 से 30 आवेदन प्राप्त हो रहे हैं तथा लगभग 20 इंस्टॉलेशन किए जा रहे हैं। पिछले माह में 664 नए आवेदन प्राप्त हुए और 449 इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए, जो बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है।

सक्रिय प्रशासनिक पहल

               योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर द्वारा वेंडर्स, बैंक अधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं।

इसके साथ ही शहरी निकायों, जनप्रतिनिधियों, चेंबर ऑफ कॉमर्स, बिल्डर्स एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित कर पूरी प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया गया। शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए भी विशेष निर्देश दिए गए।

गांव-गांव में ‘सूर्य सभा’ से बढ़ी जागरूकता

               जिले के सभी विकासखंडों में व्यापक स्तर पर सूर्य सभाओं का आयोजन किया गया। इन सभाओं में ग्रामीणों को योजना की विस्तृत जानकारी दी गई और मौके पर ही पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके परिणामस्वरूप हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए बड़ी संख्या में आवेदन प्रस्तुत किए।

नागरिकों का सम्मान, बढ़ा उत्साह

               ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से योजना में सक्रिय भागीदारी करने वाले लाभार्थियों को कलेक्टर द्वारा प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल से अन्य नागरिकों में भी योजना के प्रति रुचि और उत्साह में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

जिला प्रशासन की अपील

              जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वाकांक्षी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने घरों को स्वच्छ, सस्ती एवं निरंतर ऊर्जा स्रोत से सशक्त बनाएं। आने वाले समय में लक्ष्य है कि अधिक से अधिक परिवार इस योजना से जुड़ें और राजनांदगांव जिला हरित ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी जिले के रूप में स्थापित हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *