रायपुर : मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना: रुचि की अभिव्यक्ति हेतु आवेदन 23 अप्रैल तक आमंत्रित…

मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए छत्तीसगढ़ राज्य में स्थित उत्कृष्ट आवासीय शिक्षण संस्थानों के चयन हेतु इच्छुक एवं पात्र संस्थानों से रुचि की अभिव्यक्ति हेतु आवेदन आमंत्रित की गई है।

प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तिथि 23 अप्रैल को शाम 5 बजे तक है। चयनित संस्थानों-विद्यालयों को विभाग द्वारा निर्धारित मानक शुल्क की प्रतिपूर्ति की जाएगी।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना, उन्हें प्रतिस्पर्धी बनाना तथा उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए बेहतर अवसर प्रदान करना है।

योजनांतर्गत प्रतिवर्ष कुल 200 विद्यार्थियों को राज्य के उत्कृष्ट निजी आवासीय विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जाता है, इनमें 130 विद्यार्थी अनुसूचित जनजाति वर्ग से तथा 70 विद्यार्थी अनुसूचित जाति वर्ग से होते हैं। चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा की सुविधा प्रदान की की जाती है।

रुचि की अभिव्यक्ति में भाग लेने हेतु इच्छुक एवं पात्र संस्थानों को अपने प्रस्ताव निर्धारित प्रारूप में संबंधित जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग के कार्यालय में निर्धारित तिथि तक जमा करना होगा। योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश एवं पात्रता-शर्तों हेतु विभाग की आधिकारिक वेबसाइट http://www.tribal.cg.gov.in/का अवलोकन किया जा सकता है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *