रायपुर: गर्लफ्रेंड को रोकने कार के बोनट पर चढ़ा बॉयफ्रेंड, महिला के साथी ने गाड़ी से कुचलकर की हत्या

रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में एम्स अस्पताल के सामने शुक्रवार देर शाम प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की कार से कुचलकर हत्या कर दी गई।

पुलिस के अनुसार आरोपी परमप्रीत सिंह (34), निवासी सेक्टर-04 उदया सोसायटी, टाटीबंध का दुर्ग निवासी भरत मंगनानी के साथ विवाद हुआ था।

गंभीर चोटों के कारण परमप्रीत की मौके पर ही मौत

विवाद के दौरान भरत मंगनानी ने अपनी कार से परमप्रीत को टक्कर मार दी। इसके बाद परमप्रीत कार की छत पर चढ़ गया। आरोप है कि भरत ने कार रोकने के बजाय तेज रफ्तार में दौड़ा दी।

कुछ दूरी पर परमप्रीत कार से नीचे गिर गया, जिसके बाद आरोपी ने उसके ऊपर कार चढ़ा दी और मौके से फरार हो गया। गंभीर चोटों के कारण परमप्रीत की मौके पर ही मौत हो गई।

एम्स के सामने हुआ विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को एम्स अस्पताल के सामने परमप्रीत सिंह और भरत मंगनानी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। दोनों के बीच कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया।

इसी दौरान भरत अपनी कार लेकर वहां से जाने लगा। परमप्रीत ने उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि भरत ने कार आगे बढ़ाते हुए परमप्रीत को टक्कर मार दी। इसके बाद भी परमप्रीत ने कार को रोकने का प्रयास किया और कार की छत पर चढ़ गया।

कार की छत पर चढ़े युवक को लेकर भागा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परमप्रीत के कार की छत पर चढ़ने के बाद भी आरोपी ने वाहन नहीं रोका। वह कार को तेजी से आगे ले गया। कुछ दूरी तक कार दौड़ाने के बाद परमप्रीत सड़क पर नीचे गिर गया। आरोप है कि इसके बाद भरत ने कार रोकने के बजाय परमप्रीत के ऊपर वाहन चढ़ा दिया।

घटना में परमप्रीत को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आरोपी भरत मंगनानी कार लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

लोगों ने किया पीछा, आरोपी फरार

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़ने का प्रयास किया। कुछ लोगों ने आरोपी की कार का पीछा भी किया, लेकिन वह लोगों की पकड़ में नहीं आया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्ट्या मामले को हत्यात्मक प्रकृति का माना है।

बीएनएस की धारा 103 में अपराध दर्ज

आमानाका पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में बीएनएस की धारा 103 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी भरत मंगनानी की तलाश के लिए टीम रवाना कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना में इस्तेमाल कार और अन्य साक्ष्यों को भी जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके अलावा प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य लोगों से मिली जानकारी के आधार पर घटनाक्रम की पुष्टि की जा रही है।

यह भी पढ़ें- पिता की हत्या के बाद मां छोड़कर चली गई, अकेले नशे और झगड़े का आदी हो गया, 10 वर्षीय बालक की देखरेख कर रही पुलिस

युवती से जुड़े विवाद की भी जांच

प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है। घटना के दौरान एक युवती के भी मौके पर मौजूद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस युवती से पूछताछ कर पूरे विवाद की वजह और घटना से पहले दोनों पक्षों के बीच हुए घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस टीम आरोपी भरत मंगनानी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *